Belhar Plantation Drive : बेलहर प्रखंड मुख्यालय स्थित एक स्कूल की ओर से बुधवार को पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए करीब 200 पौधे लगाकर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया.
बेलहरनी नदी किनारे लगाए गए पौधे
विद्यालय की ओर से तीन पहड़िया स्थित बेलहरनी नदी के किनारे पौधरोपण अभियान चलाया गया. यहां शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने मिलकर सागवान, महोगनी, शीशम, आंवला सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए. पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों में पौधरोपण को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला.
पर्यावरण बचाने का लिया संकल्प
पौधरोपण के बाद विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया. शिक्षकों ने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा करने से ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखा जा सकता है.
बच्चों में दिखा उत्साह, बांटी गई मिठाइयां
कार्यक्रम के समापन पर सभी बच्चों के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया. पूरे आयोजन के दौरान बच्चों में खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा. इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक अरविंद कुमार भगत, प्रधानाध्यापक कुमार सौरभ, समाजसेवी संतोष भगत, शिक्षक पवन कुमार, प्रभास कुमार, अभिषेक कुमार, मीना कुमारी, सृष्टि कुमारी, प्रिया कुमारी, डॉली कुमारी सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.
