बांका. जिले के 35 केंद्रों पर सोमवार से मैट्रिक की परीक्षा शुरू हो गयी है. परीक्षा के पहले दिन टीआरपीएस ककबारा उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र से कदाचार के आरोप में एक मुन्ना भाई को गिरफ्तार किया गया है. जानकारी के अनुसार प्रो.गर्ल्स हाई स्कूल भैरोगंज चांदन का छात्र रंजीत कुमार के बदले कटोरिया असनातरी निवासी पिकेश कुमार परीक्षा में बैठा था. जांच के क्रम में संदेह होने पर उन्हें निष्कासित करते हुए अग्रेत्तर कार्रवाई के लिए पुलिस के हवाले कर दिया गया है. परीक्षा के पहले दिन दोनों पालियों में हिंदी, बंगला, उर्दू, मैथिली की परीक्षा आयोजित हुयी. प्रथम पाली में 15520 में15203 परीक्षार्थी उपस्थित थे. जिसमें 317 अनुपस्थित पाये गये. द्वितीय पाली में 14610 में 14361 परीक्षार्थी उपस्थित थे. जिसमें 249 परीक्षार्थी अनुपस्थित थे. इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 566 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. परीक्षा को लेकर डीएम अंशुल कुमार व एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने स्वयं कई केंद्रों का निरीक्षण किया. इसके अलावा अन्य वरीय अधिकारी सहित प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों के द्वारा परीक्षा के सफल संचालन को लेकर निगरानी करते दिखे. वहीं आज गणित विषय की परीक्षा आयोजित होना है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
