सावन में जेठ जैसी गर्मी, उमस से बेहाल बांका, 26 अगस्त तक बदल सकता है मौसम

बांका जिले में मानसून की सुस्ती से भीषण गर्मी और उमस का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने 22 से 26 अगस्त तक गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।

बांका : जिले में मानसून की गतिविधि फिलहाल कमजोर पड़ने से सावन के महीने में भी जेठ जैसी झुलसाने वाली गर्मी का एहसास हो रहा है. शनिवार को भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे. पिछले दिनों की तुलना में अधिकतम तापमान में एक डिग्री बढ़ोतरी के संकेत हैं. शनिवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

हवा में नमी अधिक होने के कारण उमस लोगों की परेशानी बढ़ा रही है. सापेक्ष आर्द्रता औसतन 80 से 90 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है. सुबह के समय आर्द्रता 85 से 90 प्रतिशत तक रह सकती है, जबकि दोपहर और शाम के समय यह 66 से 80 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान है.

दोपहर बाद मिल सकती है थोड़ी राहत .

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. इस दौरान 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. दोपहर बाद मौसम में कुछ नरमी आने के संकेत हैं, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से थोड़ी राहत मिल सकती है.

22 से 26 अगस्त तक बदल सकता है मौसम

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बांका समेत दक्षिण बिहार के कई जिलों में 22 से 26 अगस्त के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना जतायी गयी है. तेज हवा चलने के भी आसार हैं.

स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार इस अवधि में जिले का अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. नमी अधिक रहने के कारण उमस का असर भी बना रह सकता है.

गरज-चमक के दौरान बरतें सावधानी

मौसम में संभावित बदलाव का असर ग्रामीण इलाकों में भी देखने को मिल सकता है. गरज-चमक और आकाशीय बिजली की स्थिति में लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गयी है. खेतों में काम करने वाले किसानों को भी विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.

हालांकि बारिश होने से खेतों में नमी बढ़ने की उम्मीद है, जिससे फसलों को राहत मिल सकती है. मौसम की स्थिति में बदलाव संभव है, इसलिए लोगों को स्थानीय स्तर पर जारी होने वाले ताजा मौसम पूर्वानुमान और अलर्ट पर नजर रखने की सलाह दी गयी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मदन कुमार

मदन कुमार प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >