कटोरिया (बांका). श्रावणी मेला के दौरान कांवरिया श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है. इसी क्रम में दम अंशुल अग्रवाल ने कांवरिया पथ का पैदल निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर कमियां मिलने पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए, वहीं ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए मजिस्ट्रेटों पर सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया. मेला कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण
डीएम ने सबसे पहले जिला नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया. उन्होंने वहां प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मियों की उपस्थिति की जानकारी लेते हुए सभी को नियमित उपस्थिति दर्ज कराने और ड्यूटी के दौरान उपलब्ध रहने का निर्देश दिया. नियंत्रण कक्ष में मौजूद काउंटिंग मशीन और सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया गया. स्वास्थ्य शिविरों का किया निरीक्षण
इसके बाद विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों का निरीक्षण कर डीएम ने अब तक इलाज के लिए पहुंचे मरीजों की संख्या, उनकी स्वास्थ्य समस्याओं, उपलब्ध दवाओं और चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली. स्वास्थ्य शिविरों के बैनर एवं सूचना पट्ट को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया, ताकि कांवरियों को शिविरों की जानकारी आसानी से मिल सके. कम रोशनी पर जताई नाराजगी, वेतन रोकने का निर्देश
डीएम ने जिला नियंत्रण कक्ष से जमुआ मोड़ तक पैदल कांवरिया पथ का निरीक्षण किया. इस दौरान कुछ स्थानों पर प्रकाश की व्यवस्था कम मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई. संबंधित सेक्टर पदाधिकारी से स्पष्टीकरण लेने तथा अगले आदेश तक उनके वेतन भुगतान पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया. पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था का निर्देश, दुकानदारों को जुर्माना
नगर पंचायत कटोरिया के कार्यपालक पदाधिकारी को भी कांवरिया पथ पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया. निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों के समीप डस्टबिन उपलब्ध रहने के बावजूद कचरा सड़क किनारे फैला मिला. कई जगह पानी का अनावश्यक बहाव भी पाया गया. इस पर डीएम ने संबंधित दुकानदारों के खिलाफ जुर्माना लगाने तथा स्वच्छता और जल संरक्षण को लेकर सख्ती बरतने का निर्देश दिया. टेंट सिटी में श्रद्धालुओं से लिया फीडबैक
डीएम ने भैरोपुर टेंट सिटी पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और कांवरिया श्रद्धालुओं से सीधे बातचीत कर सुविधाओं का फीडबैक लिया. श्रद्धालुओं ने कुछ स्थानों पर मच्छरों की समस्या बताई, जिस पर तत्काल फॉगिंग कराने का निर्देश दिया गया. टेंट सिटी में बाथरूम तक जाने वाला रास्ता संतोषजनक नहीं मिलने पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुगम रास्ता बनाने का निर्देश दिया गया. निरीक्षण में अनुपस्थित मिले मजिस्ट्रेट
वहीं निरीक्षण के दौरान मजिस्ट्रेट के अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित सेक्टर पदाधिकारी से स्पष्टीकरण लेने तथा अगले आदेश तक वेतन भुगतान पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया. जीविका दीदी की रसोई में भोजन की गुणवत्ता परखी
इसके बाद डीएम ने इनारावरण धर्मशाला के समीप संचालित जीविका दीदी की रसोई का निरीक्षण किया. उन्होंने खाद्य सामग्री की उपलब्धता, खरीद एवं आपूर्ति से संबंधित जानकारी ली। रसोई में भोजन कर रहे कांवरियों से बातचीत कर भोजन की गुणवत्ता, निर्धारित दर और सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया. श्रद्धालुओं ने भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं पर संतोष जताया. डीएम ने रसोई एवं धर्मशाला परिसर में पर्याप्त पेयजल और पंखे की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. धर्मशाला परिसर की साफ-सफाई, शौचालय और अन्य सुविधाओं का भी जायजा लिया गया. स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर मरीजों की संख्या, दवाओं और उपचार व्यवस्था की जानकारी लेने के साथ एक मरीज से बातचीत कर उसकी स्वास्थ्य स्थिति भी जानी. हड़खार में डाक बम काउंटर और टेंट सिटी का निरीक्षण निरीक्षण के क्रम में डीएम ने हरखार स्थित डाक बम पास काउंटर का जायजा लिया और डाक बम से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की. मार्ग में दुकानदारों द्वारा गंदगी फैलाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को ऐसे दुकानदारों को चिन्हित कर नियमानुसार जुर्माना लगाने का निर्देश दिया. इसके बाद गोरियारी-हरखार टेंट सिटी का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली गई. साथ ही अस्थायी थाना का निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी तैयारियों की समीक्षा की गई.
डीएम ने दिया अधिकारियां को निर्देश
डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कांवरिया पथ, टेंट सिटी, स्वास्थ्य शिविर और अन्य श्रद्धालु स्थलों पर उपलब्ध सुविधाओं की लगातार निगरानी की जाए. किसी भी प्रकार की कमी सामने आने पर उसका तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि श्रावणी मेला में आने वाले कांवरिया श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर सुविधाएं मिल सके.
ALSO READ कम बारिश फिर भी उफान पर गंगा-सोन समेत कई नदियां, इन जिलों में बढ़ा बाढ़ का खतरा
