अमरपुर. बिहार सरकार के गन्ना मंत्री सह लोक जनशक्ति पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय पासवान रविवार की संध्या शहर के गोला चौक स्थित एक व्यवसायिक परिसर पहुंचे. जहां एनडीए कार्यकर्ताओं ने गन्ना मंत्री को फूल एवं माला पहनाकर भव्य स्वागत किया. मौके पर गन्ना मंत्री ने कहा कि राज्य में वर्षों से बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा शुरू करने की दिशा में सरकार निर्णायक कदम उठा चुकी है. एनडीए सरकार किसानों की आय बढ़ाने और गन्ना उत्पादन को नयी ऊंचाई देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. चीनी मिलों के पुनः संचालन से ना केवल गन्ना किसानों को सीधा लाभ मिलेगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे. मंत्री ने बताया कि बंद पड़ी चीनी मिलों को चालू करने के लिए सचिव स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में एक विशेष कमेटी गठित की गयी है, जो तेजी से कार्य कर रही है. सरकार की मंशा है कि गन्ना किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर मिले और बिहार को चीनी उत्पादन के क्षेत्र में फिर से अग्रणी राज्य बनाया जाए. उन्होंने व्यवसायिक परिसर में एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक भी की. बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से मंत्री को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया. इस मौके पर लोजपा जिलाध्यक्ष बेबी यादव, लोजपा नेता सुरेंद्र शर्मा, अंजनी साह, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष नीलम सिंह समेत दर्जनों एनडीए कार्यकर्ता मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
