शंभुगंज. थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव में दबंगों ने घर जाने के रास्ते को अतिक्रमण कर बंद कर दिया है. पीड़ित द्वारा लोक शिकायत निवारण बांका में आवेदन देकर अतिक्रमण को हटाने की मांग की गयी थी. जिसके बाद डीएम के आदेश पर सीओ शंभुगंज द्वारा राजस्व कर्मी को भेज कर नापी कर रास्ते पर से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया. जहां वादी कैलाश चौहान के साथ राजस्व कर्मचारी रास्ते पर से अतिक्रमण हटाने पहुंचे तो दबंगों द्वारा गाली-गलौज करते हुए लाठी डंटा के साथ कैलाश चौहान के साथ मारपीट कर जख्मी कर दिया. घटना के बाद जख्मी कैलाश चौहान ने गांव के ही भूषण दास, केला दास, दीपक दास, संजीव दास, ब्रह्मदेव दास, भरोसी दास, शीला देवी, जूली देवी के विरुद्ध शिकायत दर्ज करने के लिये आवेदन दिया है. इस घटना के बाद गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव का माहौल है. अगर प्रशासन घटना पर गंभीरता से पेश नहीं आती है तो यहां हिंसक घटना भी होने से इनकार नहीं किया जा सकता है. उधर पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
