शंभुगंज. प्रखंड क्षेत्र के गुलनी कुशहा उपस्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर विलंब से पहुंचने की शिकायत के बाद चिकित्सक ने अस्पताल प्रबंधक को जान से मारने की धमकी दी है. अस्पताल प्रबंधक अमित कुमार ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से शिकायत करते हुए थाने में मामला दर्ज कराने की बात कही है. प्रबंधक ने बताया कि शनिवार को सभी उपस्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण अभियान चलाया गया. जिसमें गुलनी उपस्वास्थ्य पर डाॅ अशोक मंडल ड्यूटी में विलंब से पहुंचे. प्रबंधक के आदेश पर डाटा आपरेटर नरेश दास ने अनुपस्थित का रिपोर्ट जिला को दिया. इस पर बौखलाए चिकित्सक ने नरेश दास के मोबाइल पर अनुपस्थित रिपोर्ट भेजने का कारण पूछा. नरेश ने अस्पताल प्रबंधक के निर्देश के पालन करने की बात कही तो चिकित्सक भड़क गये. चिकित्सक ने प्रबंधक को जान से मार देने कि धमकी दी. फिर तो ऑपरेटर नरेश ने धमकी की आडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया. जिसमें चिकित्सक द्वारा कहा गया कि प्रबंधक के शरीर के कई टुकड़े कर देंगे. हलांकि प्रभात खबर वायरल आडियो की पुष्टि नहीं करता है. इस संबंध में चिकित्सक अशोक मंडल से पूछने पर आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि चिकित्सक किसी का जान बचाने का काम करते हैं. सीएचसी प्रभारी डॉ अजय शर्मा ने बताया कि ऑपरेटर के मोबाइल पर चिकित्सक द्वारा धमकी देने की शिकायत मिली है. इसकी सत्यता जांच की जायेगी.
गुलनी कुशहा उपस्वास्थ्य केंद्र में विलंब से पहुंचने की शिकायत करने पर भड़के चिकित्सक
गुलनी कुशहा उपस्वास्थ्य केंद्र में विलंब से पहुंचने की शिकायत करने पर भड़के चिकित्सक
