परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
शंभुगंज. शंभुगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मालडीह गांव के समीप नहर से पुलिस ने बरौथा गांव के राज मिस्त्री का शव बरामद किया है. मृतक की पहचान बरौथा गांव के राजन पासवान (45) पिता स्व दीनदयाल पासवान के रूप में हुई हैं. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया है. घटना को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताकर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है.गुरुवार की शाम राजन को अपने साथ ले गये थे दो लोग
जानकारी के अनुसार, बरौथा गांव के राजन पासवान पिता स्व दीनदयाल पासवान राज मिस्त्री का काम करता था, जो कि कुछ दिनों से मालडीह गांव में ही काम कर रहा था. इसी बीच नव वर्ष के दिन गुरुवार की शाम में मालडीह गांव के ही दो लोग आये और राजमिस्त्री राजन पासवान को बुलाकर अपने साथ ले गये. इस दौरान घर से जाते वक्त राजन पासवान ने पत्नी को बताया कि वह थोड़ी ही देर में वापस लौटकर आ जायेगा, लेकिन जब रात में वापस नहीं लौटा तो उसकी पत्नी गीता देवी, मां उगो देवी और परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला. इसी बीच शुक्रवार की सुबह में बरौथा, करंजा गांव के युवक नहर पर प्रत्येक दिन की तरह दौड़ लगाने गये तो नहर में एक शव को देखकर हो हल्ला करने पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ लग गयी. वहीं ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस वहां पहुंची और शव को बाहर निकाला तो उक्त शव की पहचान राजन पासवान के रूप में की गयी, जबकि राजन पासवान की साइकिल थोड़ी ही दूरी पर खड़ी थी. इसके बाद वहां लोगों की भीड़ लग गयी और फिर शव को उठाकर शंभुगंज थाना लाया गया.दो पुत्र व तीन पुत्री के सिर से उठ गया पिता का साया
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. घटना को लेकर पत्नी गीता देवी ने बताया कि मालडीह गांव के लाल कलर की बाइक पर दो लोग, जिसका नाम नहीं जानते हैं, लेकिन चेहरा देखकर पहचान लेंगे जो उसके पति को बुलाकर ले गये थे. घटना के बाद उसकी पत्नी गीता देवी और मां उगो देवी का रो-रो कर बुरा हाल है. इस घटना के बाद दो पुत्र और तीन पुत्री के सिर से पिता का साया उठ गया है. घटना को लेकर मृतक की पत्नी गीता देवी ने शंभुगंज थाना में दो लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है. वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल की. थानाध्यक्ष सह पुनि बबलू कुमार ने बताया कि एफएसएल टीम द्वारा घटना की पूरी जांच करा ली गयी है. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ-साथ एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इस कांड की गुत्थी सुलझेगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
