कटोरिया में झमाझम बारिश से खिल उठे किसानों के चेहरे, बाजार में कई जगहों पर जलजमाव

Banka Weather News: कटोरिया में झमाझम बारिश से गर्मी और उमस से राहत मिली. किसानों के चेहरे खिले, लेकिन बाजार और सड़कों पर जलजमाव ने बढ़ाई परेशानी.

कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट

Banka Weather News: कटोरिया और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार सुबह करीब आठ बजे से शुरू हुई झमाझम बारिश का दौर रुक-रुक कर पूरे दिन जारी रहा. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुरूप हुई इस बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई, वहीं धान की खेती की तैयारी कर रहे किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे. हालांकि लगातार बारिश के कारण कटोरिया बाजार और कई ग्रामीण इलाकों में जलजमाव की समस्या भी सामने आई है.

सुबह से शुरू हुई बारिश ने बदला मौसम का मिजाज

मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा बना रहा और करीब आठ बजे से शुरू हुई बारिश ने पूरे क्षेत्र के मौसम का मिजाज बदल दिया. दिनभर रुक-रुक कर हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की.

मुख्य सड़कों पर भरा पानी, आवागमन प्रभावित

सड़क पर जलजमाव.

लगातार हो रही बारिश के कारण कटोरिया बाजार की कई सड़कों और मुख्य मार्गों पर पानी जमा हो गया. जलजमाव के कारण पैदल चलने वाले लोगों के साथ-साथ बाइक, टोटो, ऑटो और अन्य छोटे वाहनों के चालकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई स्थानों पर सड़कें कीचड़मय हो गईं, जिससे फिसलने का खतरा भी बना रहा.

बारिश के कारण बाजार में पसरा सन्नाटा

लगातार बारिश का असर बाजार की गतिविधियों पर भी देखने को मिला. सामान्य दिनों की तुलना में बाजार में काफी कम चहल-पहल रही. बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पताल, प्रखंड मुख्यालय और बैंकों में भी लोगों की आवाजाही कम रही. जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग छाता और बरसाती का सहारा लेते नजर आए.

धान किसानों के लिए संजीवनी बनी बारिश

धान की खेती की तैयारी कर रहे किसानों के लिए यह बारिश किसी संजीवनी से कम नहीं मानी जा रही है. खेत तैयार कर चुके किसान अब रोपनी की तैयारियों में तेजी लाने की योजना बना रहे हैं. जिन किसानों ने धान का बिचड़ा डाल दिया है, उनके लिए यह बारिश काफी लाभदायक साबित हो रही है.

रोपनी की तैयारी में जुटेंगे किसान

जिन किसानों का धान का बिचड़ा तैयार हो चुका है, वे अब खेतों की जुताई, मेड़ों की मरम्मत और रोपनी की तैयारी में जुट जाएंगे. किसानों का मानना है कि समय पर हुई यह बारिश खरीफ सीजन के लिए शुभ संकेत है.

मक्के की फसल को भी मिला फायदा

खेतों में लगी मक्के की फसल को भी इस बारिश से पर्याप्त नमी मिली है, जिससे उसकी बढ़वार बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है. कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी संतुलित बारिश होती रही तो धान सहित अन्य खरीफ फसलों का उत्पादन बेहतर हो सकता है.

जलजमाव अब भी बना लोगों की परेशानी का कारण

बारिश में सड़क पर गुजरते वाहन.

एक ओर जहां किसान इस बारिश से खुश नजर आ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कई स्थानों पर जलजमाव लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की बेहतर व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में ऐसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है.

ये भी पढ़े : बांका में आज मौसम का मिजाज बदलने के आसार, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >