बांका में तेज धूप और उमस से नहीं मिलेगी राहत, 24 मई तक आंधी-बारिश के आसार

Banka Weather Alert: आज बांका में सुबह से चुभेगी धूप, शाम में बदल सकता है मौसम का मिजाज

Banka Weather Alert: बांका से सुभाष वैद्य की रिपोर्ट: बांका जिले में भीषण गर्मी और उमस से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को सुबह से तेज धूप निकलेगी और पूरे दिन उमस भरी गर्मी बनी रहेगी. हालांकि शाम के समय मौसम करवट ले सकता है और कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ आंधी व हल्की बारिश होने की संभावना जतायी गयी है. अगले 24 मई तक जिले के एक-दो स्थानों पर तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिल सकता है.

50 से 60 किमी की रफ्तार से चल सकती है हवा

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बांका समेत दक्षिण बिहार के कई जिलों में आगामी दिनों में मौसम अस्थिर बना रहेगा. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. आसमान में बादल छाये रहने के बावजूद गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद कम है. शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

सुबह होते ही तेज धूप लोगों को परेशान करेगी, जबकि दोपहर तक तापमान और चढ़ सकता है. शाम के वक्त मौसम थोड़ा नरम पड़ने के संकेत हैं, लेकिन उमस बरकरार रह सकती है.

उमस और लू से बढ़ी परेशानी, अस्पतालों में बढ़ रहे मरीज

गर्म हवाओं और लगातार बढ़ती उमस का असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखने लगा है. जिले के अस्पतालों में डिहाइड्रेशन और कमजोरी के मरीजों की संख्या बढ़ रही है. डॉक्टरों का कहना है कि इस मौसम में शरीर में पानी की कमी तेजी से होती है, जिससे चक्कर, थकान और कमजोरी जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं.

चिकित्सकों ने लोगों को ज्यादा से ज्यादा शीतल पेयजल, ओआरएस घोल, ग्लूकोज, नींबू पानी और नारियल पानी पीने की सलाह दी है. उनका कहना है कि इससे शरीर में पानी की कमी पूरी होती है और गर्मी से राहत मिलती है.

दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को खासतौर पर दोपहर के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है. यदि बहुत जरूरी न हो तो दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने को कहा गया है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी और उमस का यह दौर जारी रह सकता है.

Also Read: एलपीजी गैस सब्सिडी को लेकर आया नया नियम, आधार वेरिफिकेशन नहीं कराया तो बंद होगी सब्सिडी, जानें लास्ट डेट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >