कटोरिया में सहोदर भाइयों के घर चोरी, 81 हजार नकद और साढ़े सात भर से अधिक सोने के जेवर ले उड़े चोर

Banka Theft Case: कटोरिया में चोरों ने सहोदर भाइयों के घरों को निशाना बनाते हुए 81 हजार रुपये नकद और साढ़े सात भर से अधिक सोने के जेवर पर हाथ साफ कर दिया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट

Banka Theft Case: बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र के डोमसरणी गांव में शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी. चोरों ने एक ही परिवार के दो सहोदर भाइयों के कमरों में घुसकर 81 हजार रुपये नकद और साढ़े सात भर से अधिक सोने के जेवरात समेत करीब दस लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली. घटना के बाद पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है, जबकि ग्रामीणों के बीच भय और आक्रोश का माहौल है.

Banka Theft Case: दो भाइयों के कमरों को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार डोमसरणी गांव निवासी मनोज कुमार सिंह के पुत्र अक्षय सिंह और आशीष सिंह के कमरों में चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने दोनों कमरों की अलमारी, पलंग के तहखाने और अन्य सुरक्षित स्थानों को खंगालते हुए नकदी और कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया.

पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब दस लाख रुपये आंकी जा रही है.

छत के रास्ते घर में दाखिल हुए चोर

गृहस्वामी ने आशंका जताई है कि चोर घर की छत पर चढ़कर सीढ़ी के रास्ते नीचे उतरे और फिर दोनों कमरों में प्रवेश किया. इसके बाद उन्होंने बड़ी आसानी से अलमारी और अन्य स्थानों को खंगालते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया.

अक्षय सिंह के कमरे से 55 हजार रुपये नकद और करीब साढ़े चार भर सोने के जेवरात चोरी हुए, जबकि आशीष सिंह के कमरे से 26 हजार रुपये नकद और तीन भर से अधिक सोने के आभूषण गायब पाए गए.

महिला की नींद खुली तो भाग निकले चोर

घटना के समय परिवार के कुछ सदस्य छत पर और अन्य लोग घर के अंदर सो रहे थे. इसी दौरान घर की एक महिला सदस्य की नींद खुल गई और आहट मिलने पर चोरों में अफरा-तफरी मच गई.

बताया जाता है कि चोर महंगी साड़ियों को भी चादर में बांध चुके थे, लेकिन पकड़े जाने के डर से वे उन्हें वहीं छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए. परिजनों का कहना है कि यदि महिला की नींद नहीं खुलती तो नुकसान और अधिक हो सकता था.

रात में ही पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही कटोरिया थाना पुलिस रात में ही मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस चोरी के तरीके, संभावित सुरागों और संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है.

जल्द खुलासे का पुलिस ने दिया भरोसा

पीड़ित परिवार की ओर से अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.

इस घटना के बाद कटोरिया क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है और ग्रामीणों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है.

ये भी पढ़े : धोरैया में बारिश ने बरपाया का कहर, ठनका की चपेट में आकर 3 महिलाएं झुलसीं

ये भी पढ़े : बिना वैध वीजा के भारत में रह रहे बांग्लादेशी दंपती बांका के जमदाहा ठाकुरबाड़ी से गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >