पंजवारा चेकपोस्ट पर डाक पार्सल वाहन से 2574 लीटर विदेशी शराब बरामद, पटना-गया के दो तस्कर गिरफ्तार

पंजवारा चेकपोस्ट पर 2574 लीटर विदेशी शराब की तस्करी पकड़ी गई, जिसमें पटना और गया के दो तस्कर गिरफ्तार हुए. यह कार्रवाई विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान हुई.

बिहार-झारखंड सीमा स्थित पंजवारा चेकपोस्ट पर बांका पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाये जा रहे विशेष सघन वाहन जांच अभियान के दौरान झारखंड की ओर से आ रहे डाक पार्सल वाहन से 2574.72 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी. पुलिस ने मौके से वाहन चालक और उपचालक को गिरफ्तार कर लिया. शराब के साथ तस्करी में प्रयुक्त महिंद्रा पिकअप बोलेरो और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है.

चेकपोस्ट पर रोकते ही खुला शराब का राज

पंजवारा थाना के सामने चेकपोस्ट पर पुलिसकर्मी वाहनों की जांच कर रहे थे. इसी दौरान झारखंड की ओर से आ रहे उजले रंग के महिंद्रा पिकअप बोलेरो डाक पार्सल वाहन संख्या BR01GR2545 को संदेह के आधार पर रोका गया.

पुलिस ने वाहन की विधिवत तलाशी ली तो डाक पार्सल की आड़ में अंग्रेजी शराब की पेटियां छिपाकर रखी गयी थीं. इसके बाद वाहन को जब्त कर शराब की गिनती और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की गयी.

298 कार्टन में मिले 14,304 टेट्रा पैक

तलाशी के दौरान वाहन से ऑफिसर्स च्वाइस ओरिजिनल व्हिस्की बरामद की गयी. पुलिस के अनुसार कुल 298 कार्टन में 180 एमएल के 48-48 टेट्रा पैक रखे थे. इस तरह कुल 14,304 टेट्रा पैक बरामद हुए, जिनकी कुल मात्रा 2574.72 लीटर बतायी गयी है.

शराब के अलावा पुलिस ने एक रियलमी कंपनी का टचस्क्रीन मोबाइल और शराब ढोने में इस्तेमाल महिंद्रा पिकअप बोलेरो वाहन भी जब्त किया.

पटना और गया के रहने वाले हैं गिरफ्तार तस्कर

जब्त शराब व गिरफ्तार दो तस्कर. | Prabhat Khabar Network

डीएसपी इंद्रजीत बैठा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विमलेश कुमार के रूप में हुई है, जो वाहन चालक है और पटना जिले का रहने वाला बताया गया है. दूसरे आरोपित की पहचान दुर्गेश कुमार के रूप में हुई है, जो उपचालक है और गया जिले का निवासी बताया गया है.

पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है. पंजवारा थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेज दिया गया.

शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच शुरू

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लायी गयी थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था. गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटायी जा रही है.

जांच टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल

कार्रवाई करने वाली टीम में पंजवारा थानाध्यक्ष चंदन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सतीश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक लाल मोहन शर्मा तथा सिपाही रोहित कुमार, मुकेश कुमार और रितेश कुमार शामिल रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गौरव कश्यप

गौरव कश्यप प्रिंट माध्यम में 14 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. पंजवारा (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >