बांका मंडी में गेहूं-चावल के भाव स्थिर, अरहर दाल और मसालों में तेजी, जानिए आज का ताजा रेट

Banka Mandi : बांका मंडी में खाद्यान्न की कीमतें फिलहाल स्थिर हैं, लेकिन अरहर दाल, मसालों और आटा के बढ़ते दामों ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है. विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने और बढ़ती परिवहन लागत का असर अब बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है.

बांका से मदन कुमार की रिपोर्ट

Banka Mandi : बांका की प्रमुख अनाज मंडी में गुरुवार को खाद्यान्न और अन्य जिंसों की कीमतों में मिश्रित रुख देखने को मिला. गेहूं, चावल और मक्का जैसी प्रमुख फसलों के भाव स्थिर बने हुए हैं, जबकि अरहर दाल, मसालों और आटा की कीमतों में तेजी दर्ज की गई है. कारोबारियों का कहना है कि फिलहाल बाजार संतुलित स्थिति में है, लेकिन परिवहन लागत और बाहरी मंडियों से होने वाली आवक के आधार पर आने वाले दिनों में कीमतों में बदलाव संभव है.

विक्रमशिला सेतु और बढ़ती ढुलाई लागत का असर

व्यापारियों के अनुसार पिछले एक माह से बाजार पर दोहरी मार पड़ रही है. भागलपुर के विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद माल परिवहन के लिए लंबा मार्ग अपनाना पड़ रहा है. दूसरी ओर ईंधन की बढ़ती कीमतों ने ढुलाई खर्च को और बढ़ा दिया है. इसका असर थोक बाजार से लेकर खुदरा बाजार तक देखने को मिल रहा है.

बांका मंडी में खाद्यान्न और अन्य जिंसों की आपूर्ति मुख्य रूप से पूर्णिया के गुलाबबाग और कोलकाता की मंडियों से होती है. अब माल को मुंगेर के कृष्णा सेतु होकर लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे परिवहन खर्च बढ़ गया है.

दाल और मसालों ने बढ़ाई चिंता

मंडी कारोबारियों के अनुसार अरहर दाल की कीमतों में सबसे अधिक तेजी देखी गई है. इसके अलावा मसूर दाल, मूंग दाल और मसालों के भाव भी मजबूत बने हुए हैं. आटा की कीमत में प्रति क्विंटल 200 से 300 रुपये तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इससे घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ बढ़ रहा है.

आलू-प्याज में उतार-चढ़ाव जारी

हालांकि आलू और प्याज की कीमतों में अभी भी उतार-चढ़ाव बना हुआ है. बाजार में आवक सामान्य रहने के कारण बड़े बदलाव नहीं देखे जा रहे हैं, लेकिन व्यापारियों का मानना है कि मांग बढ़ने पर कीमतों में फिर बदलाव हो सकता है.

बांका मंडी का आज का भाव

मंडी में गेहूं 2600 से 2650 रुपये प्रति क्विंटल, मक्का 2100 से 2150 रुपये, मंसूरी चावल 3250 से 3400 रुपये और बासमती चावल 12500 से 13500 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है. अरहर दाल 11500 से 15000 रुपये, मसूर दाल 6000 से 6550 रुपये तथा मूंग दाल 9540 से 9600 रुपये प्रति क्विंटल के बीच कारोबार कर रही है. वहीं आलू 1200 से 1450 रुपये और प्याज 1800 से 1900 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर बिक रहा है.

Also Read: गोपालगंज के लालाछापर कांड के मुख्य आरोपी के पता बताने पर दिया जाएगा लाखों का इनाम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >