बांका के चांदन क्षेत्र में धूमधाम से मनी वट सावित्री पूजा, सुहागिनों में छाया रहा उल्लास
-वट वृक्ष के नीचे पूजा अर्चना के उपरांत व्रती सुहागिन महिलाओं ने अपने पति और परिवार के सदस्यों के साथ फोटो और सेल्फी लेकर पूजा कार्यक्रम को यादगार बनाया.
चांदन एवं आसपास के क्षेत्र में शनिवार को वट सावित्री पूजा को लेकर भक्तिमय माहौल बना रहा. इस क्रम में सुहागिन महिलाओं ने विधि विधान से सत्यवान सावित्री व्रत कथा का श्रवण किया. फिर वट वृक्ष की विधिवत पूजा-अर्चना की. इस क्रम में वट वृक्ष में धागा लपेट कर परिक्रमा भी किया. पूजा-अर्चना के उपरांत अपने पति को बांस निर्मित पंखे से हवा करते हुए उनसे अखंड सौभाग्यवती होने का आशीर्वाद लिया. सुहागिनों ने पूजन सामग्री से सजी डलिया में कई तरह के पकवान, फल एवं वस्त्र श्रृंगार के सामान रखकर सोलह श्रृंगार कर निर्जला उपवास भी किया. वट सावित्री व्रत में विशेष कर नव विवाहित सुहागिनों में विशेष उत्साह एवं उमंग देखा गया.