भागलपुर के गोपालपुर से रिपोर्ट,
इस्माईलपुर – बिंद टोली तटबंध पर गंगा नदी के बढ़ते कटाव को रोकने के लिए जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख के कडे रुख के कारण कटाव निरोधी कार्य में तेजी देखी जा रही है.बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल नवगछिया के अभियंताओं की देखरेख में चल रहे कटाव निरोधी कार्य के तहत तटबंध को मजबूत करने हेतु सीट पाइलिंग,बोल्डर पिचिंग व मेगा जियो बैग लगाने का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है.स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष गंगा कटाव के कारण खेती योग्य जमीन एवं घरों पर गंगा नदी में विलीन होने का खतरा मंडराता रहता है. बडी आबादी को विस्थापन का सामना करना पड़ा है. ऐसे में सरकार द्वारा कराये जा रहे कटाव निरोधी कार्य से लोगों में राहत की उम्मीद जगी है.
कार्य स्थल पर भारी मशीनों के साथ मजदूरों द्वारा लगातार तटबंध पर प्राक्कलन के अनुसार कटाव निरोधी कार्य कर तटबंध को मजबूत करने में जुटे हुए हैं. कार्यपालक अभियंता ई गौतम कुमार ने बताया कि संवेदनशील स्थानों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जा रहा है ताकि बरसात एवं बाढ़ के दौरान कटाव की स्थिति नियंत्रित रहे.ग्रामीणों ने मांग की है कि कार्य की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाए ताकि भविष्य में कटाव का दंश नहीं झेलना पडे. दूसरी ओर विभागीय अभियंताओं का कहना है कि निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य कराया जा रहा है और नियमित निरीक्षण भी किया जा रहा है.
बरसात का मौसम नजदीक होने के कारण तटवर्त्ती गांव के लोग कटाव निरोधी कार्य को जल्द पूरा करने की मांग कर थहे हैं.