Aurangabad News : शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति, दाउदनगर की आवश्यक बैठक मध्य विद्यालय संख्या-दो में आयोजित की गयी. बैठक में शिक्षकों की लंबित मांगों, एचआरए कटौती, जबरन स्थानांतरण और विद्यालयों को लंबित राशि नहीं मिलने समेत कई स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की गयी. इस दौरान विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन की रणनीति तय की गयी.
7वें वेतनमान की मांग को लेकर पटना में सत्याग्रह
बैठक में 7वें वेतनमान की मांग को लेकर 2 अक्टूबर को पटना में प्रस्तावित सत्याग्रह में दाउदनगर के शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया. शिक्षकों ने कहा कि लंबित मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से सरकार तक अपनी आवाज पहुंचायी जायेगी.
30 सितंबर को निकलेगा मशाल जुलूस
शिक्षकों ने 30 सितंबर को दाउदनगर में मशाल जुलूस निकालने का फैसला किया. जुलूस के माध्यम से शिक्षकों की विभिन्न मांगों, हितों से जुड़े मुद्दों और जबरन स्थानांतरण के विरोध में सरकार के समक्ष लोकतांत्रिक तरीके से प्रतिरोध दर्ज कराया जायेगा.
एचआरए में कटौती पर शिक्षकों में नाराजगी
बैठक में जुलाई माह से एचआरए में की गयी कटौती पर शिक्षकों ने गहरी नाराजगी जतायी. शिक्षकों का कहना था कि दाउदनगर को उचित शहरी श्रेणी में शामिल करते हुए एचआरए की पूर्व व्यवस्था को फिर से बहाल किया जाना चाहिए. समिति ने इस मांग को संघ के माध्यम से सरकार के समक्ष मजबूती से रखने का निर्णय लिया.
मुख्यमंत्री शैक्षणिक योजना की राशि नहीं मिलने पर चिंता
सत्र 2025-26 की मुख्यमंत्री शैक्षणिक योजना की राशि अब तक विद्यालयों को उपलब्ध नहीं होने पर भी बैठक में चिंता जतायी गयी. समिति ने जिला पदाधिकारी से मिलकर विद्यालयों को लंबित राशि का शीघ्र भुगतान कराने की मांग करने का निर्णय लिया.
सर्विस बुक की समस्या भी उठी
अन्य जिलों से स्थानांतरित होकर दाउदनगर पहुंचे प्रधान शिक्षकों और विद्यालय अध्यापकों की सर्विस बुक के संधारण में आ रही परेशानियों पर भी चर्चा हुई. समस्या के समाधान के लिए डीपीओ स्थापना से मिलकर आवश्यक कार्रवाई कराने का निर्णय लिया गया.
बैठक में बड़ी संख्या में शिक्षक रहे मौजूद
बैठक का नेतृत्व बिहार स्टेट टीचर एसोसिएशन (गोप गुट), बिहार के प्रदेश उपाध्यक्ष बसंत कुमार सिंह और बिहार प्राथमिक शिक्षक संघ (गोप गुट) के प्रखंड अध्यक्ष रंजीत कुमार रत्ना ने किया. मौके पर परवेज आलम, सईद अहमद, अम्बुज कुमार, विकास कुमार, लव किशोर कुमार, प्रवीण कुमार, दीपक कुमार, दर्पण कुमार, रवि कुमार, सुमन, धनंजय कुमार, रवि रंजन कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे.
