Aurangabad News : प्रखंड के करमाही पुल के पास नहर में तेज जलप्रवाह से क्षतिग्रस्त हुई शंकर बिगहा जाने वाली सड़क की मरम्मत प्रशासनिक स्तर पर शुरू करा दी गई है. सड़क का लगभग आधा हिस्सा धंस जाने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मरम्मत कार्य शुरू कराया है.
क्षतिग्रस्त हिस्से में लगाया जा रहा ह्यूम पाइप
सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से में ह्यूम पाइप लगाने का कार्य किया जा रहा है. पाइप बिछाने के बाद उसके ऊपर मिट्टी भरकर सड़क को समतल और आवागमन योग्य बनाया जाएगा. मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद इस मार्ग पर आवागमन पहले की तरह सुचारू होने की उम्मीद है.
बीडीओ ने किया मरम्मत कार्य का निरीक्षण
शनिवार को बीडीओ मो. जफर इमाम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया और संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए. उन्होंने बताया कि सिंचाई विभाग एवं ग्रामीण कार्य विभाग के संयुक्त प्रयास से करमाही पुल के पास शंकर बिगहा जाने वाली सड़क की मरम्मत कराई जा रही है. कार्य को शीघ्र पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके.
तेज जलप्रवाह से धंस गई थी सड़क
उल्लेखनीय है कि कोचहासा वितरणी (नहर) में तेज जलप्रवाह के कारण करमाही गांव के पास शंकर बिगहा जाने वाली सड़क का लगभग आधा हिस्सा धंस गया था. इसके चलते इस मार्ग पर भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया था. सड़क क्षतिग्रस्त होने से शंकर बिगहा सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था.
खबर के बाद हरकत में आया प्रशासन
सड़क धंसने की समस्या को लेकर प्रकाशित खबर के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया. सूत्रों के अनुसार, खबर सामने आने के बाद शुक्रवार को ही प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई. एसडीओ अमित राजन ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, जिसके बाद शनिवार से मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया. सड़क की मरम्मत शुरू होने से स्थानीय ग्रामीणों में राहत की उम्मीद जगी है. ग्रामीणों ने कार्य जल्द पूरा कर इस महत्वपूर्ण मार्ग पर सामान्य आवागमन बहाल करने की मांग की है.
