औरंगाबाद सदर अस्पताल में हाउसकीपिंग और लाउंड्री सेवा का शुभारंभ, जीविका संभालेगी आउटसोर्सिंग व्यवस्था

Aurangabad Sadar Hospital Housekeeping: औरंगाबाद सदर अस्पताल में हाउसकीपिंग एवं लाउंड्री सेवा का शुभारंभ हुआ. 10 जुलाई से अस्पताल की आउटसोर्सिंग व्यवस्था जीविका को सौंप दी गई है, जिससे साफ-सफाई और मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी.

Aurangabad Sadar Hospital Housekeeping: सदर अस्पताल में शुक्रवार को हाउसकीपिंग एवं लाउंड्री सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया. सिविल सर्जन डॉ. कृष्णा कुमार एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) अनवर आलम ने संयुक्त रूप से फीता काटकर नई व्यवस्था का उद्घाटन किया. इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग और जीविका से जुड़े अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे.

10 जुलाई से जीविका के जिम्मे आउटसोर्सिंग सेवाएं

अधिकारियों ने बताया कि 10 जुलाई से सदर अस्पताल की आउटसोर्सिंग व्यवस्था का संचालन आधिकारिक रूप से जीविका को सौंप दिया गया है. इसके तहत अस्पताल में साफ-सफाई, लाउंड्री तथा अन्य सहयोगी सेवाओं का संचालन अब जीविका करेगी.

मरीजों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य अस्पताल परिसर को अधिक स्वच्छ, व्यवस्थित और मरीजों के अनुकूल बनाना है, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें.

पहले से भोजन सेवा भी संभाल रही है जीविका

गौरतलब है कि मरीजों को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन की जिम्मेदारी पहले से ही जीविका के पास है. अब कैंटीन सेवा के साथ-साथ हाउसकीपिंग, लाउंड्री और अन्य आउटसोर्सिंग सेवाओं का संचालन भी जीविका द्वारा किया जाएगा. इससे सेवाओं के बेहतर समन्वय और गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है.

पारदर्शिता और गुणवत्ता पर रहेगा विशेष जोर

इससे पहले सदर अस्पताल की आउटसोर्सिंग व्यवस्था नीलम प्रिंटर्स के जिम्मे थी. नई व्यवस्था लागू होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि साफ-सफाई, कपड़ों की धुलाई और अन्य सहायक सेवाओं में पारदर्शिता, नियमितता और गुणवत्ता सुनिश्चित होगी.

उद्घाटन के दौरान अधिकारियों ने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल में लगातार सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं. नई व्यवस्था से अस्पताल की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी होगी तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.

Also Read: नवादा में लंबित योजनाओं पर डीएम सख्त, मुआवजा भुगतान और निर्माण कार्य में तेजी के निर्देश



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sujit kumar

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >