औरंगाबाद: लगातार बारिश के कारण रफीगंज में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का दौरा स्थगित, तैयारियों पर फिरा पानी

लगातार हो रही बारिश ने नौ जुलाई को प्रस्तावित मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के रफीगंज दौरे पर पानी फेर दिया है. सुरक्षा और अन्य कारणों से दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है. इससे बलिगांव और आसपास के इलाकों में मायूसी छा गई है.

Aurangabad CM Visit Cancelled : लगातार हो रही बारिश के कारण नौ जुलाई को प्रस्तावित मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का रफीगंज दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है. कार्यक्रम टलने की सूचना मिलते ही बलिगांव और आसपास के इलाके में छाई उत्साह की लहर मायूसी में बदल गई. अब ग्रामीण मुख्यमंत्री के नए कार्यक्रम की तिथि का इंतजार कर रहे हैं.

बारिश और सुरक्षा कारणों से लिया गया फैसला

रफीगंज विधायक प्रमोद सिंह ने बताया कि जिले में लगातार हो रही बारिश, जलजमाव और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए मुख्यमंत्री का दौरा फिलहाल स्थगित किया गया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा और कार्यक्रम में शामिल होने वाले हजारों लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है.

सभास्थल और हेलीपैड की तैयारियां थीं जोरों पर

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बलिगांव में बड़े पैमाने पर तैयारियां चल रही थीं. निजी किसानों की करीब 10 बीघा कृषि भूमि पर सभास्थल तैयार किया जा रहा था. इसके लिए खड़ी फसल पर जेसीबी चलाकर जमीन समतल की गई थी. हेलीपैड निर्माण के लिए खेतों में ईंट और छाई बिछाई गई थी.

कार्यक्रम के लिए हटाए गए मकान और दुकानें

कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान प्रतिमा स्थल और सभास्थल के आसपास स्थित कई मकान, होटल, दुकानें, झुग्गी-झोपड़ियां, खपरैल और सड़क किनारे बने छज्जे हटाए गए थे. कमलेश चौधरी का होटल, प्रमोद विश्वकर्मा, सनोज समेत कई लोगों की दुकानें भी रास्ता और कार्यक्रम स्थल व्यवस्थित करने के लिए हटानी पड़ी थीं.

ग्रामीणों में छाई मायूसी

ग्रामीणों ने बताया कि कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा था. गांव में बड़े पंडाल, हैंगर, बैरिकेडिंग, कुर्सियां और लाइट लगाने का करीब 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका था. प्रशासनिक अधिकारियों का लगातार दौरा भी जारी था.

ग्रामीण एसके, उपेंद्र कुमार, विनोद चौधरी, कमलेश चौधरी, हिमांशु कुशवाहा समेत आयोजकों ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर लोग काफी उत्साहित थे. फसल की बर्बादी और दुकानें हटाने के बावजूद लोगों को उम्मीद थी कि गांव को बड़ी पहचान मिलेगी. लेकिन बुधवार सुबह कार्यक्रम स्थगित होने की सूचना मिलते ही पूरे गांव में मायूसी छा गई. अब ग्रामीण मुख्यमंत्री के नए कार्यक्रम की तिथि का इंतजार कर रहे हैं.

Also Read: बांकीपुर बचाने खुद उतरेंगे नितिन नवीन, पटना आकर बनाएंगे बीजेपी की जीत का प्लान


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sudhir kumar singh

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >