Aurangabad News : ओबरा प्रखंड के उब पैक्स की अध्यक्ष आशा देवी ने शनिवार को अपने पैतृक गांव रामपुर स्थित खेत में पहुंचकर मजदूर महिलाओं के साथ धान की रोपाई की. एक जनप्रतिनिधि को खेत में मजदूरों के साथ काम करते देख ग्रामीणों ने उनके इस कदम की सराहना की.
मजदूर महिलाओं के साथ मिलकर की रोपाई
धान की रोपाई कर रही महिलाओं ने बताया कि आशा देवी ने उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के बावजूद खेत में उतरकर काम करने से मजदूरों का सम्मान बढ़ा है. साथ ही उन्होंने भविष्य में भी किसानों और मजदूरों के सुख-दुख में साथ रहने का भरोसा दिया.
उन्नत खेती की तकनीक पर भी हुई चर्चा
रोपाई के दौरान महिलाओं ने धान की उन्नत खेती से जुड़ी जानकारी भी साझा की. उनका कहना था कि यदि खेत में एक-एक बिचड़ा लगाकर रोपाई की जाए तो फसल की पैदावार बेहतर होती है और उत्पादन में भी वृद्धि होती है.
'किसानों का मनोबल बढ़ाना भी हमारी जिम्मेदारी'
पैक्स अध्यक्ष आशा देवी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल योजनाओं के क्रियान्वयन तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों और मजदूरों के साथ खड़े होकर उनका मनोबल बढ़ाना भी है. उन्होंने बताया कि अपनी लगभग 10 एकड़ निजी कृषि भूमि में उन्होंने मजदूरों के साथ मिलकर धान की रोपाई की है. उन्होंने इंद्रदेव से अच्छी वर्षा की कामना करते हुए कहा कि समय पर बारिश होने से किसानों की मेहनत रंग लाएगी और इस वर्ष बेहतर उत्पादन होगा. उन्होंने यह भी बताया कि यह पहला अवसर है, जब उन्होंने स्वयं खेत में उतरकर मजदूरों के साथ धान की रोपाई की है.
समाजसेवी ने बताया प्रेरणादायक पहल
समाजसेवी सह पैक्स प्रतिनिधि जितेंद्र यादव ने कहा कि आशा देवी का यह कदम अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए भी प्रेरणादायक है. उनके इस प्रयास से मजदूरों का उत्साह बढ़ा है और किसानों के बीच सकारात्मक संदेश गया है. इस अवसर पर सुखिया देवी, बीना देवी, प्रिया देवी, लाजो देवी, किरण देवी, बुचनी देवी, सोनी कुमारी, जरा देवी, मनी देवी, जयंती देवी सहित कई मजदूर महिलाएं मौजूद रहीं.
