Aurangabad News : जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष, बिहार के पूर्व मंत्री एवं काराकाट लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद महाबली सिंह ने दाउदनगर स्थित सिंचाई विभाग के आईबी में जदयू कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. इस दौरान संगठनात्मक मुद्दों के साथ-साथ पार्टी और एनडीए गठबंधन को और मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. कार्यकर्ताओं ने संगठन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और अपनी भावनाओं से पूर्व सांसद को अवगत कराया.
संगठन की मजबूती से बनी एनडीए सरकार : महाबली सिंह
पूर्व सांसद महाबली सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं. संगठन की मजबूती की ही देन है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में पुनः एनडीए गठबंधन की सरकार बनी है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार का चहुंमुखी विकास हो रहा है. बिहार विकास के पथ पर लगातार आगे बढ़ रहा है और राज्य में अमन-चैन का माहौल है.
काराकाट क्षेत्र की समस्याओं को संसद में उठाने का दावा
पूर्व सांसद ने अपने कार्यकाल के दौरान उठाए गए प्रमुख मुद्दों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि काराकाट लोकसभा क्षेत्र की लगभग सभी प्रमुख समस्याओं को उन्होंने संसद एवं संबंधित स्तर पर प्रमुखता से उठाया. डालमियानगर, बिहटा-औरंगाबाद रेलवे लाइन और डेहरी-बंजारी रेलवे लाइन के निर्माण के अलावा गर्मी के दिनों में रोहतास, औरंगाबाद, गया एवं नवादा जिलों में उत्पन्न होने वाली पेयजल समस्या को भी उन्होंने प्राथमिकता से उठाया. महाबली सिंह ने कहा कि उन्होंने आम जनता की समस्याओं को हमेशा प्राथमिकता के आधार पर रखने का प्रयास किया. क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए अपने कार्यकाल के दौरान लगातार प्रयासरत रहे.
एनएच-139 को फोरलेन करने की मांग का किया जिक्र
एनएच-139 औरंगाबाद-पटना मुख्य मार्ग को फोरलेन किए जाने के सवाल पर पूर्व सांसद ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर इस मांग को प्रमुखता से रखा था. इस संबंध में उन्हें आश्वासन भी मिला था, लेकिन किन कारणों से यह मामला अब तक लंबित है, इसकी जानकारी नहीं है.
जदयू कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
मौके पर जदयू प्रखंड प्रवक्ता पप्पू गुप्ता, छात्र जदयू प्रखंड अध्यक्ष मंगल चंद्रवंशी, जदयू नेता संतोष दबगर, सत्येंद्र कुमार, अमरेश पटेल, रुपेश कुमार एवं राजीव रंजन समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.
Also Read : औरंगाबाद में नुक्कड़ नाटक और रैली से ग्रामीणों को किया जागरूक
