UGC Rules : औरंगाबाद के नवीनगर में रविवार को सवर्ण समाज संगठन के बैनर तले विभिन्न मांगों को लेकर पैदल मार्च निकाला गया. अनुग्रह नारायण स्टेडियम परिसर से शुरू हुए मार्च में संगठन से जुड़े बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए और समान अवसर व पारदर्शी व्यवस्था की मांग उठाई.
शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा जुलूस
पैदल मार्च बस स्टैंड, न्यू एरिया, मंगल बाजार, शनिचर बाजार, जनकपुर पोखरा, टंडवा रोड और थाना रोड होते हुए बसन बिगहा मोड़ पहुंचा, जहां मार्च का समापन किया गया. इस दौरान संगठन के सदस्यों ने लोगों से उनकी मांगों का समर्थन करने की अपील की.
UGC नियमों और आरक्षण नीति में बदलाव की मांग
संगठन ने UGC से जुड़े नियमों में पारदर्शिता, आरक्षण नीति में मूलभूत सुधार और शिक्षा व सरकारी नौकरियों में मेरिट और योग्यता को पर्याप्त महत्व देने की मांग की. इसके साथ ही सभी वर्गों के लिए समान अवसर, आर्थिक आधार पर आरक्षण को प्रभावी बनाने और क्रीमी लेयर के प्रावधानों का कड़ाई से पालन कराने की मांग भी रखी गई.
बैठक और जनसंपर्क के बाद निकाला गया मार्च
मार्च से पहले अनुग्रह नारायण स्टेडियम परिसर में संगठन की बैठक हुई, जिसमें आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई. इसके बाद नगर पंचायत और आसपास के ग्राम पंचायत क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से मार्च में शामिल होने की अपील की गई.
संगठन के सदस्यों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी वर्ग के अधिकारों का विरोध करना नहीं, बल्कि शिक्षा और रोजगार में पारदर्शिता, समान अवसर और योग्यता आधारित व्यवस्था को मजबूत करना है. उन्होंने कहा कि UGC नियमों और आरक्षण व्यवस्था से जुड़े प्रावधानों पर व्यापक और संतुलित विचार-विमर्श होना चाहिए. संगठन ने भविष्य में भी अपनी मांगों को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से उठाने की बात कही.