Aurangabad News : गोह प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) गोह में बुधवार को प्रखंड स्तर पर बीपीएमयू की मासिक बैठक आयोजित की गयी. बैठक में सरकारी विद्यालयों में पठन-पाठन की स्थिति, बच्चों की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यालयों के अनुश्रवण तथा विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, गोह ने की.
नियमित अनुश्रवण से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित अनुश्रवण जरूरी है. सभी मास्टर प्रशिक्षक विद्यालयों में जाकर पठन-पाठन की स्थिति का जायजा लेंगे और शिक्षकों तथा विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक सहयोग देंगे. मास्टर प्रशिक्षकों और गांधी फेलो द्वारा संयुक्त रूप से प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को विद्यालयों का अनुश्रवण किया जाएगा.
बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान पर फोकस
बैठक में बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया. बच्चों की भाषा और गणित विषय की बुनियादी समझ बेहतर बनाने के लिए संबंधित शिक्षकों को नामित कर विशेष रूप से कार्य करने की रणनीति बनायी गयी. विद्यालय के प्रधानाध्यापकों को मास्टर प्रशिक्षकों और गांधी फेलो को विद्यालय स्तर पर आवश्यक सहयोग देने का निर्देश दिया गया.
समन्वय के साथ विद्यालयों की होगी मॉनिटरिंग
बीआरसी गोह के अकाउंटेंट अमरेंद्र कुमार ने कहा कि सभी मास्टर प्रशिक्षक आपस में समन्वय स्थापित कर विद्यालयों के अनुश्रवण की जिम्मेदारी तय कर लें. इससे कार्य को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने में सुविधा होगी. उन्होंने कहा कि बीआरसी स्तर से किसी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता होने पर पूरा बीआरसी परिवार सहयोग के लिए तैयार रहेगा.
ड्रॉपआउट बच्चों को दोबारा स्कूल से जोड़ने पर जोर
मास्टर प्रशिक्षक रंजीत कुमार सिंह ने विद्यालय से बाहर रहने वाले बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर उनके अभिभावकों से संपर्क किया जाए और उन्हें दोबारा विद्यालय भेजने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएं. इसके साथ ही विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों का फीडबैक भी नियमित रूप से लिया जाए.
Also Read : 32 विद्यालयों में हुई ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता, तीन हजार से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग
हर माह होगी बीपीएमयू की बैठक
बैठक में निर्णय लिया गया कि बीपीएमयू की बैठक अब प्रत्येक माह आयोजित की जाएगी. इसमें पिछली गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी माह की कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा मास्टर प्रशिक्षकों के कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे.
Also Read : दशरथ मांझी की पुण्यतिथि पर शिक्षा से समाज को सशक्त बनाने का संदेश
ये रहे मौजूद
बैठक में मास्टर प्रशिक्षक संजय शर्मा, विनोद प्रसाद, शिक्षक मोहन कुमार यादव, गांधी फेलो शुभम कुमार, बीआरसी डाटा ऑपरेटर जितेंद्र कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे. अधिकारियों और शिक्षाकर्मियों ने मासिक बैठक को विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में उपयोगी पहल बताया.
Also Read : जनसुनवाई में पहुंचे 40 परिवादी, नवादा डीएम ने गंभीरता से सुनीं समस्याएं
