औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के भैयाराम बिगहा गांव में रविवार की रात छत से गिरकर एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान भैयाराम बिगहा गांव निवासी 46 वर्षीय उमेश रिकियासन के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की रात उमेश रिकियासन किसी कारणवश छत से नीचे गिर गए. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर लेकर पहुंचे.
यहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद रेफर कर दिया.
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
परिजन उन्हें सदर अस्पताल औरंगाबाद लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उमेश रिकियासन की मौत हो गई.
पुलिस की कार्रवाई
इसके बाद सोमवार को परिजन शव लेकर मदनपुर थाना पहुंचे. सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया.
शव परिजनों को सौंपा
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया.
गांव में मातम
शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
