औरंगाबाद में नाग पंचमी की पूजा से लौट रहे लूना सवारों को हाईवा ने मारी टक्कर, एक की मौत; दूसरा गंभीर

औरंगाबाद में नाग पंचमी मेला देखकर लौट रहे लूना सवार को अज्ञात हाईवा ने मारी टक्कर, एक की मौत और एक गंभीर रूप से घायल. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Aurangabad News : औरंगाबाद. नाग पंचमी के अवसर पर मंदिर में पूजा-अर्चना कर घर लौट रहे दो लूना सवार सड़क हादसे का शिकार हो गए. सोमवार की अहले सुबह रफीगंज-शिवगंज मुख्य मार्ग पर चातर पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा ने उनकी लूना में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.

मृतक की पहचान रफीगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर-1 स्थित अब्दुलपुर निवासी स्वर्गीय शिव प्रसाद साव के 57 वर्षीय पुत्र सर्जुन साव के रूप में हुई है. वहीं घायल की पहचान अब्दुलपुर निवासी गणेश साव के 40 वर्षीय पुत्र उपेंद्र साव के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलने के बाद रफीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

रोते बिलखते परिजन व घटनास्थल पर लगी भीड़

पूजा के बाद घर लौटते समय हुआ हादसा

घायल उपेंद्र साव ने बताया कि नाग पंचमी के अवसर पूजा-अर्चना कर के दोनों लूना से अपने घर अब्दुलपुर लौट रहे थे. इसी दौरान रफीगंज-शिवगंज मुख्य मार्ग पर चातर पेट्रोल पंप के समीप रफीगंज की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा ने उनकी लूना में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े. हादसे में सर्जुन साव को गंभीर चोट लगी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद टक्कर मारने वाला हाईवा मौके से फरार हो गया.

स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया

हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल उपेंद्र साव को संभाला. गंभीर रूप से घायल उपेंद्र को स्थानीय लोगों की मदद से रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.

रोते बिलखते परिजन व घटनास्थल पर लगी भीड़

सीएचसी में डॉक्टरों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया. हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया. फिलहाल घायल का इलाज चल रहा है.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की जानकारी मिलते ही रफीगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

पुलिस अब अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है. इसके लिए घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है.

ठेला चलाकर परिवार का पालन करते थे सर्जुन साव

सर्जुन साव की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, वह ठेला चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनके परिवार में एक पुत्र और पांच पुत्रियां हैं.

नगर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष अनिल कुमार गौतम और सेवानिवृत्त कैप्टन कमलेश कुमार सिंह ने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले सर्जुन साव की पत्नी उषा देवी का बीमारी के कारण निधन हो गया था. पत्नी की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी भी सर्जुन साव के ऊपर ही थी.

रोते बिलखते परिजन व घटनास्थल पर लगी भीड़

अचानक सड़क हादसे में उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. हादसे की खबर मिलने के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी.

आश्रितों को मिलेगा सरकारी मुआवजा

अंचलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मृतक के आश्रितों को सरकार के नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा. इसके लिए आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. प्रशासन की ओर से घटना से संबंधित जरूरी कार्रवाई की जा रही है.

नाग पंचमी के मौके पर पूजा करके लौट रहे सर्जुन साव की सड़क हादसे में मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है. वहीं घायल उपेंद्र साव के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है. पुलिस फरार हाईवा की तलाश में जुटी है और वाहन की पहचान होने के बाद उसके चालक के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विनय सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >