Aurangabad News : बारुण पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 83.969 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. इस दौरान पुलिस ने गांजा तस्करी में शामिल चार आरोपितों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया. पुलिस ने उनके कब्जे से दो चार पहिया वाहन और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.
गुप्त सूचना पर गठित हुई विशेष टीम
बारुण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र स्थित बल्लू गुप्ता होटल के समीप अवैध मादक पदार्थों की बड़ी खरीद-बिक्री की तैयारी चल रही है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक औरंगाबाद को दी गई. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-1 के नेतृत्व में सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया.
घेराबंदी कर वाहन की तलाशी, भारी मात्रा में गांजा बरामद
गठित विशेष टीम ने बल्लू गुप्ता होटल के आसपास घेराबंदी कर निगरानी शुरू की. इसी दौरान औरंगाबाद से डेहरी की ओर जा रही एक संदिग्ध चार पहिया वाहन को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान वाहन से 83.969 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने मौके से वाहन में सवार चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. अनुसंधान के क्रम में बारुण थाना क्षेत्र के बरुआ पुल के समीप से इस कांड में प्रयुक्त एक अन्य चार पहिया वाहन भी बरामद किया गया.
झारखंड और बिहार के तस्कर गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज निवासी मनोज कुमार, रोहतास जिले के डेहरी स्थित न्यू डिलिया निवासी धीरज कुमार गुप्ता, सुरेश सिंह तथा प्रिंस कुमार के रूप में हुई है.
एफआईआर दर्ज, नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. इस संबंध में बारुण थाना कांड संख्या 311/26 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क और इसके मुख्य सरगना की पहचान करने में जुटी हुई है.
