मतदाता अधिकार यात्रा को लेकर सांसद ने की प्रेसवार्ता औरंगाबाद ग्रामीण. मतदाता अधिकार यात्रा के तहत 17 अगस्त को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव औरंगाबाद पहुंचेंगे. रविवार की शाम पांच बजे बारुण से एनएच- 19 होते सात बजे जिला मुख्यालय के रमेश चौक पर कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद सभा को संबोधित करेंगे. ये बातें प्रेसवार्ता के दौरान औरंगाबाद सांसद व कार्यक्रम प्रभारी अभय कुशवाहा ने कहीं. श्री कुशवाहा ने कहा कि सभा के उपरांत दोनों नेता धीमी गति से महाराजगंज रोड होते हुए आगे बढ़ेंगे और कुटुंबा प्रखंड के बभंडीह स्थित खेल मैदान में रात्रि विश्राम करेंगे. 18 अगस्त की सुबह अंबा बाजार स्थित माता सतबहिनी मंदिर दर्शन करने के बाद अंबा-देव रोड होते हुए शिवगंज पहुंचेंगे और रफीगंज होते हुए गया जिले की ओर प्रस्थान करेंगे. श्री कुशवाहा ने कहा कि दोनों नेताओं की यात्रा को लेकर कार्यकर्ता तैयारी में जुटे हैं. यात्रा को सफल बनाने को लेकर महागठबंधन के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने लगभग तैयारी पूर्ण कर ली है. उन्होंने बताया कि औरंगाबाद आगमन के दौरान राहुल गांधी और तेजस्वी यादव वैसे वोटरों से मुलाकात करेंगे जिनका नाम विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण में कट गया है. इसके अलावे वे स्थानीय मुद्दों पर भी लोगों से मुलाकात करेंगे. उन्होंने कहा कि भाजपा डरी हुई है. इनके तिकड़म को जनता समझ चुकी है. चुनाव आयोग के सहारे वोट चोरी कर सत्ता में आना चाहती है. हकमारी और मतमारी से भाजपा लोकतंत्र को खत्म करने का जो षड्यंत्र रच रही है, हम सब मिलकर उसे कामयाब नहीं होने देंगे. सदर विधायक आनंद शंकर सिंह ने कहा कि वोट की चोरी सिर्फ जनता का हक छीनना नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रीढ़ तोड़ने की साजिश है. यह जनता की आवाज को दबाने और संविधान को कमजोर करने का संगठित अपराध है. भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से चल रहे इस खेल को हमें मिलकर चकनाचूर करना होगा. पूर्व मंत्री सुरेश पासवान ने कहा कि भाजपा पूरे देश में वोटो की चोरी कर रही है. नवीनगर विधायक विजय कुमार सिंह उर्फ डब्लू सिंह, ओबरा विधालय ऋषि कुमार, बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, राजद जिलाध्यक्ष अमरेंद्र कुशवाहा, राजद जिला प्रवक्ता डॉ रमेश यादव, उदय उज्ज्वल आदि मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
