Aurangabad News : चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे अनुमंडलीय अस्पताल, दाउदनगर को बड़ी राहत मिली है. सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बिमलेंदु कुमार की पदस्थापना अनुमंडलीय अस्पताल, दाउदनगर में की गई है. वे गुरुवार को अस्पताल पहुंचकर योगदान देंगे. उनकी पदस्थापना से अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है.
स्वास्थ्य विभाग ने अनुरोध पर दाउदनगर किया स्थानांतरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. बिमलेंदु कुमार इससे पहले सासाराम सदर अस्पताल में सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी के पद पर कार्यरत थे. उनका तबादला पटना जिले के बख्तियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया था. इसके बाद उनके अनुरोध पर स्वास्थ्य विभाग ने अधिसूचना जारी कर उनका स्थानांतरण अनुमंडलीय अस्पताल, दाउदनगर कर दिया.
Also Read : नवादा के थाली बाजार में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, पति गिरफ्तार, सास फरार
पहले भी दाउदनगर में दे चुके हैं सेवा
डॉ. बिमलेंदु कुमार ने बताया कि वे गुरुवार को अनुमंडलीय अस्पताल में योगदान देंगे. खास बात यह है कि डॉ. कुमार पूर्व में भी दाउदनगर में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. उस समय वे अनुबंध के आधार पर चिकित्सक के रूप में कार्यरत थे. उन्होंने दाउदनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के साथ-साथ अनुमंडलीय अस्पताल में भी चिकित्सक के रूप में सेवाएं दी हैं.
बाद में बीपीएससी के माध्यम से परीक्षा उत्तीर्ण कर वे सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी बने. इसके बाद उन्होंने कई वर्षों तक सासाराम सदर अस्पताल में सेवा दी.
32 पद स्वीकृत, फिलहाल आठ चिकित्सा पदाधिकारी कार्यरत
डॉ. कुमार के योगदान से अनुमंडलीय अस्पताल में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी. वर्तमान में अस्पताल आठ चिकित्सा पदाधिकारियों और दो आयुष चिकित्सकों के सहारे संचालित हो रहा है. इसके अलावा एक दंत रोग विशेषज्ञ भी पदस्थापित हैं. जबकि अस्पताल में चिकित्सकों के कुल 32 पद स्वीकृत हैं. ऐसे में स्वीकृत पदों की तुलना में चिकित्सकों की संख्या काफी कम है.
Also Read : नवादा में एनएच-20 पर अतिक्रमण के खिलाफ चला बुलडोजर, दो घरों समेत दर्जनों दुकानें ध्वस्त
मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद
डॉ. बिमलेंदु कुमार के दाउदनगर लौटने से अस्पताल में आने वाले मरीजों को चिकित्सा सुविधा मिलने में सहूलियत होने की उम्मीद है. स्थानीय लोगों को भी उम्मीद है कि उनकी पदस्थापना चिकित्सकों की कमी दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी.
Also Read : एचआईवी-एड्स को लेकर स्वास्थ्य विभाग चला रहा जागरूकता अभियान, मरीजों के नाम और आंकड़े रखे जा रहे गोपनीय
