निडर, साहसी, निष्पक्ष व कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे बीडीओ मनोज, पहली पुण्यतिथि पर दी गयी श्रद्धांजलि

कुटुंबा के पूर्व बीडीओ मनोज कुमार की पहली पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित। लोगों ने उनके निडर व्यक्तित्व और विकास कार्यों को याद कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि।

कुटुंबा प्रखंड के पूर्व प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार की पहली पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी. कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व एवं कार्यशैली को याद करते हुए उन्हें निडर, साहसी, निष्पक्ष और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी बताया. वक्ताओं ने कहा कि सरकारी जिम्मेदारियों के निर्वहन के साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति भी उनकी गहरी रुचि थी.

तबीयत खराब से 15 अगस्त 2025 में हुआ था निधन

तबीयत खराब होने के बाद भी 15 अगस्त 2025 को पूरे दिन यहां तक की रात्रि में भी स्वतंत्रता दिवस को लेकर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए. काफी देर रात जब उनकी तबीयत बिगड़ी तो लोग उन्हें इलाज के लिए पटना ले गये, जहां इलाज के दौरान ही 16 अगस्त 2025 को उनका निधन हुआ. उनकी पहली पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. साथ ही दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. लोगों ने कहा कि मनोज कुमार भले ही आज उनके बीच नहीं हैं, लेकिन अपनी कार्यशैली, व्यवहार और सामाजिक योगदान के कारण वे लोगों की स्मृतियों में हमेशा जीवित रहेंगे.

ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए रहेंगे याद

श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक शंभू चौधरी ने की, जबकि संचालन वीरेंद्र मेहता ने किया. मौके पर निजी विद्यालय संघ के जिला अध्यक्ष अजय पांडेय, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष प्रवीण कुमार, ब्रह्मर्षि विकास एवं जन कल्याण मंच के अध्यक्ष अजीत पांडेय, दिनेश मालाकार, अजय तिवारी, राजीव पांडेय, अमित मालाकार, रवि सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे. वक्ताओं ने कहा कि मनोज कुमार का कार्यकाल उनकी कार्यकुशलता और निष्पक्ष निर्णयों के लिए जाना जाता है. वे आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते थे और उसके समाधान के लिए तत्पर रहते थे.

कुटुंबा में दूसरी बार आये थे मनोज कुमार

मनोज कुमार का कुटुंबा में दूसरा कार्यकाल रहा था. अपने पहले कार्यकाल में 2014 से 2017 तक के दौरान उन्होंने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी. इसके साथ ही सामाजिक गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी. यही कारण है कि कुटुंबा के लोग उन्हें दुबारा पदस्थापन चाहते थे. दुसरे कार्यकाल में भी उन्होंने काफी बेहतर कार्य किया. यही कारण है कि उनके असामयिक निधन के बाद क्षेत्र के लोगों में गहरा शोक देखा गया था. एक वर्ष बाद भी लोग उनके कार्यों और व्यवहार को याद कर रहे हैं.

अंबा को नगर पंचायत बनाने की पहल की थी

बीस सूत्री अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने कहा कि मनोज कुमार ने अंबा को नगर पंचायत बनाने के प्रस्ताव पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे आगे भेजा था. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों में उनकी सक्रियता और तत्परता उल्लेखनीय थी. उनके योगदान को देखते हुए आगामी बीस सूत्री की बैठक में प्रखंड कार्यालय परिसर में मनोज कुमार की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव लाया जाएगा.

श्रद्धांजलि सभा में शामिल लोग | Prabhat Khabar Network
श्रद्धांजलि सभा में शामिल लोग | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंबुज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >