Aurangabad News : जून और जुलाई में कमजोर रहा मॉनसून अगस्त में अन्नदाताओं पर मेहरबान नजर आ रहा है. जिले में फिलहाल मॉनसून की तस्वीर बदल गयी है. पूरा आसमान बादलों से ढका हुआ है और इस बीच कभी रुक-रुक कर तो कभी जमकर बारिश हो रही है. बारिश के कारण सूखी नदियों का जल प्रवाह तेज हो गया है, जबकि आहर-पोखर भी पानी से भरने लगे हैं. मौसम खरीफ फसल के अनुकूल रहने से किसान खुश हैं. बधार में धान की हरी-भरी पौधें लहलहाने लगी हैं.
जिला सांख्यिकी विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, जून माह में जिले में 136.1 मिमी सामान्य बारिश के विरुद्ध मात्र 36.0 मिमी बारिश हुई थी. जुलाई में 323.3 मिमी के विरुद्ध 230.5 मिमी बारिश दर्ज की गयी. वहीं, 1 से 31 अगस्त तक सामान्य 364.8 मिमी के विरुद्ध 422.0 मिमी वास्तविक बारिश हुई, जो सामान्य से 15.68 प्रतिशत अधिक है.
मदनपुर में सबसे अधिक, नवीनगर में सबसे कम बारिश
अगस्त महीने में जिले में सबसे अधिक बारिश मदनपुर प्रखंड में 735.5 मिमी दर्ज की गयी है. इसके बाद रफीगंज प्रखंड में 547 मिमी बारिश हुई है. वहीं, नवीनगर प्रखंड में सबसे कम 261 मिमी बारिश दर्ज की गयी.
इसके अलावा गोह में 448.2 मिमी, सदर प्रखंड में 369.0 मिमी, बारुण में 292.8 मिमी, दाउदनगर में 300.4 मिमी, देव में 402.8 मिमी, हसपुरा में 344.4 मिमी, कुटुंबा में 440.8 मिमी तथा ओबरा में 502.2 मिमी बारिश हुई है. विदित हो कि मदनपुर प्रखंड में औसत से दोगुनी बारिश हुई है. इसके बावजूद दक्षिणी क्षेत्र का अधिकांश भू-भाग अब भी खाली है.
तीन माह में सामान्य से 16.46 प्रतिशत कम बारिश
एसएसओ ब्रजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अगस्त महीने में सोमवार की सुबह तक सामान्य 364.8 मिमी के विरुद्ध 422.0 मिमी वास्तविक बारिश हुई है, जो सामान्य से 15.68 प्रतिशत अधिक है. उन्होंने बताया कि खरीफ सीजन में 1 जून से 31 अगस्त तक जिले में कुल सामान्य 824.2 मिमी के विरुद्ध 688.5 मिमी बारिश हुई है. इस तरह इस अवधि में सामान्य से 16.46 प्रतिशत कम बारिश हुई है.
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष इसी अवधि में 765.7 मिमी बारिश हुई थी, जो सामान्य से 7.10 प्रतिशत कम थी. इस वर्ष जून और जुलाई में कम बारिश के बाद अगस्त में अच्छी बारिश होने से किसानों को खरीफ फसल के लिए राहत मिली है.
अभी जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अनूप कुमार चौबे ने बताया कि औरंगाबाद सहित पूरे बिहार में मॉनसून सक्रिय है. अभी बारिश का दौर जारी रहेगा. मॉनसून की सक्रियता के कारण आने वाले दिनों में भी जिले के विभिन्न हिस्सों में बारिश होने की संभावना बनी हुई है.
Also Read : बेगूसराय बस स्टैंड में यात्रियों की परेशानी, गंदगी-बदबू के बीच इंतजार; पंखे बंद-फर्श पर बैठने को मजबूर लोग
