Aurangabad Liquor Smuggling: कुटुंबा प्रखंड के एरका गांव के समीप एनएच-139 स्थित एरका चेकपोस्ट पर जांच के दौरान उत्पाद पुलिस ने शराब तस्करी के बड़े मामले का खुलासा किया है. उत्पाद विभाग की टीम ने झारखंड की ओर से आ रहे 10 चक्का ट्रक की जांच के दौरान लकड़ी से बनाये गये गुप्त तहखाने में छिपाकर रखी गयी भारी मात्रा में शराब बरामद की है. बरामद शराब की मात्रा करीब 300 से 500 पेटी के बीच होने की संभावना जतायी जा रही है. फिलहाल उत्पाद विभाग की टीम शराब की पेटियों की गिनती और जांच में जुटी है.
मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. कार्रवाई उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार के निर्देश पर एएसआई संजय रजक के नेतृत्व में गठित टीम ने वाहनों की जांच के दौरान की.
ट्रक में बना था लकड़ी का गुप्त तहखाना
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जांच के दौरान झारखंड की ओर से आ रहे 10 चक्का ट्रक को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली गयी. जांच के दौरान ट्रक में लकड़ी से बनाया गया विशेष तहखाना मिला. तहखाना खोलकर तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गयी थी. इसके बाद पुलिस ने शराब समेत ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया. जब्त ट्रक का नंबर यूपी 75 डीटी 0211 बताया गया है.
डाल्टनगंज से शराब लाये जाने की प्रारंभिक जानकारी
उत्पाद अधीक्षक के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में शराब को झारखंड के पलामू जिले के डाल्टनगंज क्षेत्र से लाये जाने की जानकारी मिली है. शराब की वास्तविक मात्रा और उसकी कीमत का आकलन पेटियों की गिनती पूरी होने के बाद किया जायेगा. बरामद शराब की कीमत लाखों रुपये में होने की संभावना जतायी गयी है.
तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश
उत्पाद विभाग की टीम गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर रही है. उससे शराब की खेप कहां पहुंचायी जानी थी और इस तस्करी में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी ली जा रही है.
उत्पाद विभाग का कहना है कि चालक से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी और गिरफ्तारी की कार्रवाई की जायेगी. उत्पाद पुलिस की कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा है.
इसे भी पढ़ें: पटना: बख्तियारपुर में दुकान में अचानक लगी आग, 5 महीने की बच्ची समेत तीन जिंदा जले; पूजा के दौरान हादसे की आशंका
