औरंगाबाद में चोरी के 14 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार, लाखों के जेवरात व नकदी बरामद

Aurangabad Crime News : औरंगाबाद के कुटुंबा थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 14 घंटे में खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और 16,500 रुपये नकद बरामद किए.

Aurangabad Crime News : कुटुंबा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की एक वारदात का महज 14 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया. पुलिस ने चोरी के आरोपित को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और नकदी बरामद कर ली है.

जानकारी के अनुसार कुटुंबा थाना क्षेत्र के संडा गांव निवासी अशोक मेहता के घर में शुक्रवार की रात चोरी की घटना हुई. गृहस्वामी के अनुसार घर का दरवाजा खुला होने का फायदा उठाकर चोर अंदर घुस गए और कीमती जेवरात तथा नकदी चोरी कर फरार हो गए. घटना के दौरान घर के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी. शनिवार की सुबह नींद खुलने पर घर का सामान बिखरा मिला और जेवरात व नकदी गायब थे. इसके बाद अशोक मेहता ने कुटुंबा थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई.

तकनीकी अनुसंधान से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष इमरान अली के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम में एसआई मिकू कुमार और एएसआई पंकज कुमार शामिल थे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद तकनीकी साक्ष्यों और टावर लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की. अनुसंधान के दौरान पुलिस ने पिपरा बगाही गांव निवासी ललन पवरिया के पुत्र छोटू पवरिया को हिरासत में लिया. पूछताछ में उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया.

लाखों के जेवरात, मोबाइल और नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक जोड़ी सोने का टॉप्स, तीन जोड़ी चांदी की पायल, दो जोड़ी चांदी की बिछिया, तीन मंगलसूत्र, दो सोने की चेन, चार सोने की अंगूठियां, एक एंड्रॉयड मोबाइल, एक जियो कीपैड मोबाइल तथा 16,500 रुपये नकद बरामद किए हैं. थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद सामान का कुछ हिस्सा आरोपी के घर से तथा कुछ संडा-मटपा रोड स्थित झाड़ियों से बरामद किया गया. आरोपी ने चोरी के बाद एक बक्सा झाड़ियों में छिपा दिया था, जिसे भी पुलिस ने बरामद कर लिया.

14 घंटे में हुआ खुलासा

थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने महज 14 घंटे के भीतर मामले का सफल उद्भेदन कर लिया. गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

यह भी पढ़ें: कभी शराबियों की गली कहलाने वाली यह जगह, अब शिक्षा और कारोबार का नया हब बन गई है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ambuj kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >