Daudnagar Teacher Training : औरंगाबाद जिले के दाउदनगर के अध्यापक शिक्षा महाविद्यालय (डायट) तरार के प्रांगण में कक्षा तीन से पांच तक के शिक्षकों का पांच दिवसीय सेवाकालीन प्रशिक्षण संपन्न हो गया. डायट तरार के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार के नेतृत्व में आयोजित प्रशिक्षण में औरंगाबाद जिले के विभिन्न प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के प्रशिक्षु शिक्षकों ने भाग लिया.
गतिविधि आधारित और प्रभावी शिक्षण तकनीक
प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षकों ने शिक्षकों को बच्चों को गतिविधि आधारित एवं प्रभावी तरीके से पढ़ाने की तकनीक की जानकारी दी. प्रशिक्षक पूर्णेन्दु कुमार, राजीव कुमार, अंबुज कुमार, मुकेश कुमार, मोहम्मद हुसैन अहमद, सीमा कुमारी, स्नेहलता, सपना कुमारी, चंचला कुमारी, स्मिता कुमारी, सीमा कुमारी एवं विद्या सिंह सहित अन्य ने विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया.
नई शिक्षा नीति-2020 और कौशल विकास
बताया गया कि 31 अगस्त से पांच सितंबर तक चले प्रशिक्षण में नई शिक्षा नीति-2020 की विभिन्न संकल्पनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई.
शिक्षकों को बच्चों के लेखन कौशल में सुधार के लिए अपनाई जाने वाली गतिविधियों की जानकारी दी गई. हिंदी लेखन को रुचिकर बनाने तथा बच्चों की सहभागिता बढ़ाने के लिए गतिविधि आधारित शिक्षण पर विशेष जोर दिया गया.
गणित शिक्षण को सरल बनाने के तरीके
प्रारंभिक कक्षाओं में गणित शिक्षण को सरल एवं सहज तरीके से बच्चों के समक्ष प्रस्तुत करने के तरीके भी बताए गए.
शिक्षक दिवस पर प्रमाण पत्र वितरण
प्रशिक्षण के अंतिम दिन शिक्षक दिवस मनाया गया. इस अवसर पर प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए. प्रशिक्षण के सफल संचालन में मोहाफिज हुसैन, उधम सिंह एवं अंबुज कुमार भारती ने विशेष सहभागिता निभाई. मौके पर हरेंद्र कुमार सिंह, गणेश शर्मा, कुंदन किशोर, राजीव रंजन, अरुण कुमार, सुरेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.
