Udwantnagar Fertilizer Price : भोजपुर जिले के उदवंतनगर प्रखंड मुख्यालय स्थित कृषि भवन में प्रमुख अनंती देवी की अध्यक्षता में प्रखण्ड उर्वरक निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई. आयोजित बैठक में खाद वितरण को सुव्यवस्थित करने तथा उचित दर पर खाद बिक्री करने पर चर्चा की गई.
उर्वरक निगरानी समिति की बैठक उस समय हंगामेदार हो गई जब प्रखंड कृषि पदाधिकारी बीरेंद्र विक्रम खाद विक्रेताओं से उचित दर पर खाद बेचने का निर्देश दे रहे थे. बीईओ ने कहा कि डीएपी, यूरिया एवं अन्य उर्वरक हर हाल में उचित दर पर बिक्री किया जाए.
खाद विक्रेताओं द्वारा अधिक कीमत पर मिलने की समस्या
इस पर खाद विक्रेताओं ने एक सुर में आदेश का विरोध जताया तथा कहा कि उचित दर पर खाद बेचना संभव नहीं है. अपनी समस्या बताते हुए उर्वरक विक्रेताओं ने बताया कि थोक विक्रेताओं द्वारा वर्तमान समय में 1750 रुपये प्रति बोरा डीएपी एवं 300 रुपये प्रति बोरा यूरिया रिटेलरों को बेचा जा रहा है.
Also Read : भोजपुर का बाबा लंगटनाथ धाम: जहां शिव पूजा से पूरी होती हैं भक्तों की मनोकामनाएं, 5 तस्वीरों में जानिए कहानी
ऊपर से परिवहन खर्च एवं लोडिंग अनलोडिंग खर्च भी देना पड़ता है. इस परिस्थिति में उचित दर पर खाद बेचना संभव नहीं है.
डिस्ट्रीब्यूटरों की मनमानी और प्रशासन का आश्वासन
विक्रेताओं ने मांग की कि डिस्ट्रीब्यूटरों की मनमानी पर प्रशासन अंकुश लगाए. बीएओ ने इस संबंध में वरीय पदाधिकारियों से बात कर समस्या समाधान की पहल करने का आश्वासन दिया.
बैठक में उपस्थित प्रमुख प्रतिनिधि और अधिकारी
मौके पर विधायक प्रतिनिधि उमेश कुशवाहा, उपप्रमुख प्रतिनिधि अर्जुन सिंह, कृषि समन्वयक रविंद्र राय, संजीत राय, वेद प्रकाश सहित प्रखंड क्षेत्र के उर्वरक विक्रेता मौजूद थे.
