Bhojpur DM Inspection : भोजपुर डीएम मनेश कुमार मीणा के औचक निरीक्षण से सोमवार को उदवंतनगर प्रखंड व अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया. करीब दो घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली की बारीकी से पड़ताल की और मौके पर ही कई मामलों में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
जनप्रतिनिधियों ने की सीओ की शिकायत
निरीक्षण के दौरान अंचल कार्यालय की कार्यशैली और सीओ के व्यवहार को लेकर जनप्रतिनिधियों ने खुलकर शिकायतें रखीं.
कुसुम्हां पंचायत के मुखिया अभय कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि सीओ के चैंबर से जनप्रतिनिधियों की कुर्सियां हटवा दी गई हैं, जिससे उन्हें भी आम लोगों की तरह लंबी कतार में खड़ा रहना पड़ता है.
दाखिल-खारिज की गड़बड़ी पर फटकार
दाखिल-खारिज और परिमार्जन से जुड़े मामलों में शिकायतों की भरमार रही. कारीसाथ निवासी रोहित कुमार ने आरोप लगाया कि एक ही प्लॉट के तीन खरीदारों का दाखिल-खारिज कर दिया गया, जबकि उनका आवेदन मनमाने तरीके से खारिज कर दिया गया. इस पर डीएम ने सीओ आनंद कुमार को कड़ी फटकार लगाई.
गैरहाजिर जेई से मांगा स्पष्टीकरण
जनसंवाद के दौरान बिजली की अनियमित आपूर्ति का मुद्दा उठने पर डीएम ने बिजली विभाग के जेई को तलब किया, लेकिन जेई बिना सूचना अनुपस्थित मिले. इस पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए जेई से स्पष्टीकरण मांगने का आदेश दिया.
Also Read : गया जी में लोगों को मिली दो बड़ी सुविधाएं, मां तारा मंदिर के पास सामुदायिक भवन और मिलेगा RO का पानी
वहीं पीएम आवास योजना में बिचौलियों द्वारा अवैध वसूली की शिकायत पर साक्ष्य के साथ बीडीओ से शिकायत करने का निर्देश दिया.
निर्माणाधीन प्रखंड भवन का जायजा
निरीक्षण के अंत में डीएम ने निर्माणाधीन नए प्रखंड भवन का जायजा लिया और निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया.
मौके पर एसडीएम अंशु कुमारी, प्रशिक्षु आईएएस, ओएसडी मनोरंजन कुमार पाण्डेय, बीडीओ अनुराधा, सीडीपीओ रीना श्रीवास्तव व एमओआईसी डॉ. अभिषेक समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.
