आरा : लाखों की प्राचीन मूर्तियां लेकर फरार हुए चोर, CCTV कैमरा भी तोड़ा, जांच में जुटी पुलिस

Ram Janaki Temple Idol Theft : भोजपुर जिले के अगिआंव बाजार स्थित एक प्राचीन मंदिर से लाखों की अष्टधातु की राम, लक्ष्मण और सीता की मूर्तियां चोरी हो गईं. चोरों ने लाखों की संपत्ति चुराने के साथ-साथ पहचान छुपाने के लिए सीसीटीवी कैमरे को भी नष्ट कर दिया. मामले की जांच पुलिस कर रही है.

Ram Janaki Temple Idol Theft : भोजपुर जिले के अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के पिटरो गांव स्थित राम जानकी मंदिर से लगभग चार सौ वर्ष पुरानी राम, लक्ष्मण व सीता की अष्टधातु की तीन मूर्तियां चुरा ली गईं. चोरी गई मूर्तियों की कीमत लाखों रुपयों में बताई जा रही है. चोरी की यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है.

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि शनिवार की रात चोर मंदिर के दरवाजे पर लगे ताले को तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए और मूर्तियां उखाड़कर आराम से चलते बने. इस दौरान चोरों ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़कर पास ही में फेंक दिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके.

पहले भी हो चुके हैं प्रयास

ग्रामीणों के अनुसार, इसके पहले भी दो बार मूर्तियां चुराने का प्रयास हो चुका था. पहली बार चोर मूर्तियां लेकर भागने में सफल हो गए थे, लेकिन पकड़े जाने के डर से मूर्तियों को सोनवर्षा (बक्सर) के पास बधार में फेंक दिया था, जहां से पुलिस ने मूर्तियों को बरामद कर लिया था और उन्हें पुनः मंदिर में स्थापित किया गया था. इसके बाद एक बार फिर चोरों ने मूर्तियों को चुराने का असफल प्रयास किया था. इस तीसरे प्रयास में वे आखिरकार मूर्तियां चुराने में सफल हो गए.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर मंदिर पहुंची अगिआंव बाजार थाने की पुलिस ने बारीकी से अनुसंधान शुरू कर दिया है. प्रभारी डीएसपी स्नेह सेतु के अनुसार, तकनीकी व फॉरेंसिक जांच द्वारा आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं. प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस चोरों तक पहुंचने की कार्रवाई में जुटी है.

Also Read: आरा: 6 करोड़ से बने नए भवन की दीवारों में एक महीने में दरारें, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल, जांच की मांग तेज



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >