भोजपुर जिले के पिरो थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहिया-बिहटा स्टेट हाइवे पर धोबीघटवा मोड़ के समीप हुई एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि एक अन्य युवक की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है.
मृतक और जख्मी की हुई पहचान
इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले मृत युवक की पहचान अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के चौबे के छावनी निवासी विकास कुमार के रूप में हुई है, जबकि जख्मी युवक रमेश शर्मा भी उसी गांव यानी चौबे के छावनी का ही रहने वाला है.
जगदीशपुर से घर लौटने के दौरान हुई टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, चौबे के छावनी निवासी दिनेश पासवान का 25 वर्षीय पुत्र विकास कुमार अपने दोस्त रमेश शर्मा के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर रविवार की शाम जगदीशपुर से अपने गांव लौट रहा था, तभी धोबीघटवा मोड़ के पास एक पिकअप से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई.
Also Read : क्या महाबोधि मंदिर के नीचे छिपा है 1000 साल पुराना इतिहास ? जीपीआर स्कैनिंग से मिले अहम संकेत
अस्पताल में एक की मौत, दूसरे को किया गया रेफर
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को पीरो अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने विकास कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं, गंभीर रूप से जख्मी रमेश शर्मा का एक पैर कट जाने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए आरा रेफर कर दिया गया है.
पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
हादसे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृत युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा भेज दिया है, और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.
