आरा. अजीमाबाद थाना क्षेत्र के अजीमाबाद बाजार में गुरुवार की सुबह एक बेलगाम ट्रक ने बुजुर्ग चंदेश्वर राम को रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. मृतक अजीमाबाद थाना क्षेत्र के भीमपुरा गांव निवासी थे और पेशे से मोची तथा अजीमाबाद बाजार में दुकान चलाते थे. घटना के तुरंत बाद चालक ट्रक छोड़कर ब्रह्मपुर गांव की ओर फरार हो गया. हादसे की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग करते हुए शव को सड़क पर रखकर करीब साढ़े पांच घंटे तक जाम कर दिया. सड़क जाम होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइनें लग गयीं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया. सड़क जाम की सूचना पाकर अजीमाबाद थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया. इसके बावजूद ग्रामीण जाम नहीं हटाये. बाद में संदेश प्रखंड विकास पदाधिकारी अर्चना कुमारी और अगिआंव सर्किल इंस्पेक्टर श्याम कुमार भी घटनास्थल पहुंचे और उनके आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया. साथ ही ब्रह्मपुर गांव के पास खड़े ट्रक को जब्त कर थाने ले गयी. मृतक के छोटे बेटे अखिलेश कुमार ने बताया कि उनके पिता सुबह साइकिल से दुकान खोलने बाजार जा रहे थे. इसी दौरान बाजार में सड़क पार करते समय एक तरफ से ऑटो और दूसरी तरफ से ट्रक आने के कारण हादसा हुआ. मृतक के परिवार में पत्नी फूलकुमारी देवी, दो पुत्र कमलेश कुमार और अखिलेश कुमार तथा एक पुत्री शोभा देवी हैं. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. मृतक की पत्नी और परिवार के सभी सदस्य अत्यंत दुखी हैं. ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें न्याय और उचित मुआवजा मिलना चाहिए. अजीमाबाद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक की खोज शुरू कर दी है और आगामी कार्रवाई के लिए छानबीन जारी है. घटना ने बाजार में शांति व्यवस्था को भी प्रभावित किया और स्थानीय प्रशासन सतर्क हो गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
