भोजपुर : ग्रिल और कुंडी काटकर घर में घुसे चोर, लाखों रुपये के गहने लेकर हुए फरार

संदेश थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाया. लोहे की ग्रिल काटकर घर में घुसे चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए. घटना के बाद इलाके में दहशत है.

संदेश थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लोहे की ग्रिल और कमरों की कुंडियां काटकर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी कर ली. घटना की भनक गृहस्वामी को तब लगी जब वे घर वापस लौटे.

मामले की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित के बयान पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की सघन जांच शुरू कर दी है.

12 दिनों से बंद पड़ा था घर

पीड़ित रोहित कुमार सिंह ने बताया कि उनके दो बड़े भाई बाहर रहकर नौकरी करते हैं और वह खुद भी किसी आवश्यक कार्य से रांची गए हुए थे. इस कारण घर में कोई मौजूद नहीं था.

शुक्रवार की सुबह करीब 12 दिन बाद जब वे घर लौटे, तो देखा कि दूसरी मंजिल पर स्थित सीढ़ी के पास लगी लोहे की ग्रिल कटी हुई थी और चोर उसी रास्ते से घर के अंदर दाखिल हुए थे.

5 कमरों की कुंडी काटकर खंगाली अलमारी

चोरों ने घर के पांच कमरों की कुंडी काटकर अंदर रखी अलमारियों और बक्सों के तालों को तोड़ दिया और सामान को पूरी तरह खंगाल डाला.

रोहित ने बताया कि चोर उनकी मां, दोनों बड़े भाइयों की पत्नियों और बहन के करीब 700 ग्राम सोने के आभूषण तथा लगभग 600 ग्राम चांदी के जेवरात चुराकर आसानी से फरार हो गए. चोरी गए कुल आभूषणों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है.

तकनीकी सर्विलांस से चोरों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही संदेश थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया.

थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. चोरी का सुराग लगाने और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस तकनीकी जांच व अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही है. इस बड़ी चोरी की वारदात के बाद गांव में दहशत और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है.

Also Read : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी के परिवार से की मुलाकात, कहा- मिलेगा न्याय


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >