Bihar News:(नारायण त्रिपाठी) भोजपुर जिले के सिकरहटा थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 28 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. इस मामले में पुलिस ने स्कॉर्पियो सवार पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है. थानाध्यक्ष सनोज कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो वाहन के माध्यम से भारी मात्रा में गांजा की खेप ले जाई जा रही है. सूचना मिलते ही फतेहपुर बाजार के समीप सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया.
स्कॉर्पियो की तलाशी में मिला गांजा
वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली. तलाशी के दौरान वाहन में रखे दो काले बैग से कुल 28 किलो गांजा बरामद किया गया. गांजा बरामद होते ही पुलिस ने मौके पर ही वाहन सवार दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया गया.
पिता-पुत्र की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चरपोखरी थाना क्षेत्र के पसौंर गांव निवासी शशि भूषण सिंह और उनके पुत्र सूरज कुमार के रूप में की गई है. पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष सनोज कुमार ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन इलाकों में की जानी थी. उन्होंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
कार्रवाई से तस्करों में मचा हड़कंप
सिकरहटा थाना पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में मादक पदार्थ तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है. स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए नशे के कारोबार पर रोक लगाने की मांग की है.
