Arrah News:(नरेन्द्र प्रसाद सिंह) भोजपुर जिला मुख्यालय आरा में ऑटो चालकों की मनमानी के कारण यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है. शहर की अधिकांश सड़कों पर नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि ऑटो चालक निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठा रहे हैं और यातायात नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं.
चालक के बगल में भी बैठाई जा रही सवारियां
सबसे गंभीर स्थिति यह है कि कई ऑटो चालकों द्वारा चालक की सीट के बगल में भी यात्रियों को बैठाया जा रहा है, जबकि नियमों के अनुसार यह पूरी तरह प्रतिबंधित है. 3 सीटर ऑटो में 5 से 6 यात्रियों को बैठाया जा रहा है, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ने और दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है.
यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल
आरा शहर की कई सड़कें संकरी हैं, ऐसे में यातायात व्यवस्था पहले से ही दबाव में रहती है. इसके बावजूद ऑटो चालकों पर प्रभावी निगरानी और कार्रवाई नहीं होने से स्थिति और बिगड़ती जा रही है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि यातायात पुलिस और संबंधित अधिकारी समय-समय पर जांच की बात तो करते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कार्रवाई न के बराबर है.
प्रशासन की भूमिका पर सवाल
यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए यातायात थाना और यातायात पुलिस उपाधीक्षक की तैनाती की गई है, लेकिन लोगों का कहना है कि नियमित जांच नहीं होने के कारण ऑटो चालक मनमानी कर रहे हैं.
क्या बोले यातायात पुलिस अधिकारी
इस मामले पर यातायात पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि मामला गंभीर है और समय-समय पर जांच की जाती है. उन्होंने कहा कि जल्द ही इस पर फिर से जांच अभियान चलाया जाएगा और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी.
लोगों की मांग-सख्त कार्रवाई जरूरी
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि ऑटो चालकों पर सख्त निगरानी रखी जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जाए, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
Also Read: रोहतास में पशु चिकित्सालय की बदहाली, जर्जर भवन में हो रहा इलाज; मरम्मत का इंतजार
