जिले में घरेलू गैस की किल्लत नहीं

डीएम ने प्रेस कांफ्रेंस में एलपीजी की आपूर्ति व वितरण संबंधी इंतजाम की दी जानकारी

समय पर वितरण सुनिश्चित कराने के प्रति प्रशासन सजग

अररिया. जिले में एलपीजी की आपूर्ति व्यवस्था संबंधी जानकारी आम जिलावासियों के साथ साझा करने के उद्देश्य से मंगलवार को डीएम के कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया. इसमें डीएम विनोद दूहन ने मीडिया कर्मियों को घरेलू गैस की उपलब्धता, वितरण समेत उपलब्ध स्टॉक के संबंध में विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने सहजता पूर्वक उपभोक्ताओं के बीच गैस सिलिंडर का वितरण सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के स्तर से किये गये जरूरी इंतजाम की भी जानकारी इस दौरान साझा की. डीएम ने बताया कि वर्तमान में कुल 14,866 गैस सिलिंडर का स्टॉक जिले में उपलब्ध है.

आम लोगों से अपील की कि वे गैस सिलिंडर की अनुपलब्धता से जुड़ी किसी तरह की अफवाह में न आयें. आवश्यकता अनुरूप गैस की बुकिंग करें व इसका उठाव करें. कहा कि गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए जिले के सभी पंचायतों में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है. वहीं शहरी क्षेत्रों में नगर पंचायत व नगर परिषद के अंतर्गत तीन-तीन वार्डों का क्लस्टर बनाकर कंट्रोल रूम संचालित किया जा रहा है. इससे उपभोक्ताओं को आसानी से गैस उपलब्ध हो रहा है. सभी गैस एजेंसियों में पदाधिकारी व कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. जो वितरण संबंधी इंतजाम पर लगातार नजर बनाये हुए हैं. इसके अलावा जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से गैस सिलिंडर की उपलब्धता से जुड़े उपभोक्ताओं की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है. जिला नियंत्रण कक्ष में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, महाप्रबंधक उद्योग व जिलला पंचायती राज पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है.

उन्होंने बताया कि जिले में गैस सिलिंडर के वितरण से जुड़ी किसी तरह अनियमितता पर प्रभावी रोक के उद्देश्य से जिले में 27 छापामारी दल गठित किया गया है. इस क्रम में अब तक 55 गैस एजेंसियों पर 376 छापेमारी की जा चुकी है. इसमें फारबिसगंज 261 व अररिया से 7 कुल 268 गैस सिलिंडर जब्त किये गये हैं. वहीं 14 गैस एजेंसियों पर विधि व्यवस्था के संधारण के लिए दंडाधिकारी व पुलिस बलों की तैनाती की गयी है. प्रखंड स्तर पर 199 गैस वितरण केंद्र स्थापित किया गया है. वहीं सभी 211 पंचायतों में व नगर निकायों में कुल 42 क्लस्टर बनाकर उपभोक्ताओं के बीच गैस वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है. डीएम ने बताया कि जिले की 13 प्रमुख गैस एजेंसियों पर कोऑर्डिनेटर की तैनाती की गयी है. जो गैस की उपलब्धता, वितरण व आपूर्ति की दैनिक रिपोर्ट जिला नियंत्रण कक्ष को भेज रहे हैं. गैस सिलिंडर की उपलब्धता व वितरण से जुड़ी किसी तरह की शिकायत होने पर तत्काल इसकी सूचना जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06453-222309 पर देने की अपील उन्होंने आम जिलावासियों से की. ताकि मामले में प्रशासनिक स्तर से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराया जा सके. मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शंभू कुमार रजक, जिला आपूर्ति पदाधिकारी दिनेश पासवान, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सहायक निदेशक सुबोध कुमार सहित अन्य उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ANIMESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >