फारबिसगंज (अररिया) : एनएफ रेलवे के कटिहार-जोगबनी रेलखंड पर गुरुवार सुबह सीमांचल एक्सप्रेस की चपेट में आने से करीब 55 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गयी. हादसा सिमराहा रेलवे स्टेशन के 80/08-09 किलोमीटर के पास हुआ. मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है.
गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया
जानकारी के अनुसार, आनंद विहार दिल्ली से जोगबनी जा रही सीमांचल एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 12488 की चपेट में आने से व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर तैनात आरपीएफ के प्रभारी सअनि बीके यादव, जवान तापस बोनिक समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे. घायल को तत्काल इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल फारबिसगंज पहुंचाया गया.
डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित किया
अस्पताल में उपाधीक्षक डॉ. आशुतोष कुमार, पूर्व उपाधीक्षक डॉ. मुन्ना कुमार, डॉ. रोहित कुमार समेत चिकित्सकों ने घायल की जांच की. जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही व्यक्ति की मौत हो चुकी थी.
शव की पहचान में जुटी पुलिस
व्यक्ति की मौत की पुष्टि होने के बाद आरपीएफ ने पोस्टमार्टम और आगे की कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना जोगबनी (जीआरपी) को सूचना दी. आरपीएफ और जीआरपी की टीम घटना की जांच में जुटी है. साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. पुलिस मृतक की पहचान कराने का भी प्रयास कर रही है.
