अररिया. संयुक्त कृषि भवन से सोमवार को शारदीय खरीफ महाअभियान 2026 के तहत एलईडी सह जागरूकता रथ को संयुक्त निदेशक शस्य पूर्णिया प्रमंडल मनोज कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह रथ जिले के सभी प्रखंडों, प्रमुख बाजारों व ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं व आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देगा. मौके पर संयुक्त निदेशक मनोज कुमार ने कहा कि 14 जून 2026 को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य स्तर पर इस प्रचार-प्रसार रथ को हरी झंडी दिखाकर सभी जिलों के लिये रवाना किया था. इसी क्रम में आज अररिया जिले से इसे सभी प्रखंडों के लिए रवाना किया गया है. उन्होंने कहा कि एलईडी युक्त इस जागरूकता रथ के माध्यम से किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की लाइव जानकारी उपलब्ध कराई जायेगी. साथ ही खरीफ मौसम में उगाई जाने वाली प्रमुख फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीकों, फसलों में लगने वाले रोग व कीटों की पहचान व उनके वैज्ञानिक व प्रभावी नियंत्रण के संबंध में वीडियो प्रदर्शन के माध्यम से जानकारी दी जायेगी. कृषि विभाग द्वारा जिले के सभी प्रखंडों में खरीफ महाअभियान 2026 के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं. इन कार्यक्रमों में कृषि वैज्ञानिक व कृषि पदाधिकारी किसानों को विभागीय योजनाओं, उन्नत कृषि तकनीकों व कृषि नवाचारों की जानकारी दे रहे हैं. इसके अतिरिक्त 11 जून से 30 जून 2026 तक जिले की सभी पंचायतों में खेत बचाओ अभियान सह कृषि जनकल्याण चौपाल भी आयोजित किया जा रहा है.
दी जायेगी योजनाओं की जानकारी
इस अभियान के तहत कृषि विभाग के कर्मी, किसान सलाहकार, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, प्रखंड कृषि पदाधिकारी व कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक किसानों को खरीफ मौसम में संचालित योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ जैविक खेती, कम लागत में अधिक उत्पादन व टिकाऊ कृषि पद्धतियों के बारे में भी जागरूक कर रहे हैं. कार्यक्रम में उप परियोजना निदेशक आत्मा अश्विनी कुमार, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी अररिया व फारबिसगंज, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, आत्मा अररिया के सहायक तकनीकी प्रबंधक हरिंदर गुप्ता, निखिल कुमार पटेल सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे.
