अवैध गैस सिलेंडर रैकेट का भंडाफोड़: घर में छिपाकर रखे 98 रसोई गैस सिलेंडर जब्त

फारबिसगंज में प्रशासन ने छापेमारी कर अवैध रूप से भंडारित 98 रसोई गैस सिलेंडर जब्त किए। आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

फारबिसगंज (अररिया). जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) इंद्रजीत कुमार ने स्थानीय थाना पुलिस के सहयोग से हटिया चौक ढोलबज्जा के समीप छापेमारी कर 98 रसोई गैस सिलेंडर जब्त किए हैं. सिलेंडरों का आवासीय परिसर में अवैध रूप से भंडारण किए जाने की सूचना पर की गई कार्रवाई के बाद पुलिस और आपूर्ति विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है. जब्त सिलेंडरों में घरेलू और व्यवसायिक दोनों तरह के सिलेंडर शामिल हैं.

सुनील कुमार साह के आवासीय परिसर में हुई छापेमारी

एमओ इंद्रजीत कुमार ने थानाध्यक्ष मनोज कुमार एवं पुलिस बल के सहयोग से हटिया चौक ढोलबज्जा के समीप सुनील कुमार साह के आवासीय परिसर में छापेमारी की. तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में रसोई गैस सिलेंडर बरामद किए गए. विभाग के अनुसार सिलेंडरों के भंडारण से संबंधित आवश्यक दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गये.

इंडेन के 41 सिलेंडर बरामद

छापेमारी में इंडेन के कुल 41 घरेलू एवं व्यवसायिक सिलेंडर बरामद किए गए. इनमें 28 खाली और नौ भरे हुए घरेलू सिलेंडर के अलावा चार खाली व्यवसायिक सिलेंडर शामिल हैं.

भारत गैस के 30 सिलेंडर मिले

भारत गैस के कुल 30 सिलेंडर जब्त किए गए. इनमें 17 खाली और 10 भरे हुए घरेलू रसोई गैस सिलेंडर तथा तीन खाली व्यवसायिक सिलेंडर शामिल हैं.

एचपी गैस के 27 सिलेंडर जब्त

एचपी गैस के कुल 27 सिलेंडर भी बरामद किए गए. इनमें छह खाली और 10 भरे हुए घरेलू रसोई गैस सिलेंडर तथा 10 खाली व्यवसायिक सिलेंडर शामिल हैं. इस तरह तीनों कंपनियों के कुल 98 सिलेंडर जब्त किये गये.

गैस वितरक को जिम्मेनामा पर सौंपे गए सिलेंडर

एमओ ने बताया कि छापेमारी में जब्त सभी रसोई गैस सिलेंडरों को अग्रिम आदेश तक सुरक्षित रखने के लिए साक्षी एचपी गैस ग्रामीण वितरक, कॉलेज चौक को जिम्मेनामा पर सौंप दिया गया है. विभाग की ओर से जब्त सिलेंडरों से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी की तैयारी

एमओ इंद्रजीत कुमार ने बताया कि आवासीय परिसर में रसोई गैस सिलेंडरों का अवैध रूप से भंडारण किए जाने को लेकर स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है. मामले में आरोपित के अलावा अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जायेगी.

कार्रवाई में पुलिस और आपूर्ति विभाग की टीम रही शामिल

छापेमारी अभियान में एमओ इंद्रजीत कुमार, थानाध्यक्ष मनोज कुमार, स्थानीय थाना के अनि आशुतोष कुमार मिश्रा सहित अन्य कनीय पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल शामिल रहे. विभाग ने गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और कारोबार के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कलीमउद्दीन

कलीमउद्दीन प्रिंट माध्यम में 24 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >