Women's Asia Cup: महिला एशिया कप 2026 में भारत से करारी हार झेलने के बाद पाकिस्तान ने शानदार वापसी की है. पाकिस्तान ने हांगकांग, चीन को 72 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली. इस जीत की सबसे बड़ी स्टार नशरा संधू रहीं. उन्होंने सिर्फ 7 रन देकर 6 विकेट चटकाए और हांगकांग की पूरी टीम को 71 रन पर समेट दिया.
28 रन पर गिर चुके थे 2 विकेट
144 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे हांगकांग की शुरुआत बेहद खराब रही. पावरप्ले खत्म होने तक टीम का स्कोर 28 रन पर 2 विकेट था. मारिको हिल लगातार तीसरी बार खाता खोले बिना आउट हुईं, जबकि नताशा माइल्स को सादिया इकबाल ने अपनी पहली ही गेंद पर पवेलियन भेज दिया. इसके बाद नशरा संधू गेंदबाजी करने आईं और यहीं से मुकाबले का रुख पूरी तरह बदल गया.
चार गेंदों में दो विकेट लेकर तोड़ी कमर
यास्मिन दसवानी और कैरी चान ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन नशरा ने इस साझेदारी को तोड़ दिया. इसके बाद उन्होंने सिर्फ चार गेंदों के अंदर मरिना लैम्पलॉ और मरियम बीबी को आउट कर हांगकांग को 40 रन पर 5 विकेट के संकट में डाल दिया.
इसके बाद हांगकांग की पारी संभल नहीं सकी. नशरा ने शांजीन शहजाद और एलिसन सुई को भी पवेलियन भेज दिया. एक समय वह हैट्रिक के करीब भी पहुंच गई थीं. हालांकि हैट्रिक पूरी नहीं हो सकी, लेकिन अपनी गेंदबाजी की आखिरी गेंद पर छठा विकेट लेकर उन्होंने इतिहास रच दिया.
ये भी पढ़ें: एशिया कप में पुरुष टीम के बाद अब महिलाओं की बारी, भारत जीता तो क्या नकवी के हाथों ट्रॉफी लेंगी हरमनप्रीत?
पाकिस्तान की पहली महिला गेंदबाज बनीं
नशरा संधू महिला टी20 इंटरनेशनल में एक पारी में 6 विकेट लेने वाली पाकिस्तान की पहली महिला गेंदबाज बन गई हैं. यह टी20 इंटरनेशनल में उनका पहला पांच विकेट का प्रदर्शन भी है. इससे पहले निदा डार और ओमैमा सोहैल पाकिस्तान के लिए पांच-पांच विकेट ले चुकी थीं.
हांगकांग की ओर से कैरी चान ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए. हालांकि 16वें ओवर में आयशा जफर ने उनकी पारी खत्म कर दी. इसके बाद हांगकांग की पूरी टीम 71 रन पर ऑलआउट हो गई.
144 रन तक पहुंचा था पाकिस्तान
इससे पहले पाकिस्तान ने बल्लेबाजी करते हुए 144 रन बनाए थे. शवाल जुल्फिकार ने सबसे ज्यादा 47 रन की पारी खेली. हांगकांग की जॉयलीन कौर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए और पाकिस्तान को बड़ा स्कोर बनाने से रोकने की कोशिश की, लेकिन टीम 144 रन तक पहुंचने में सफल रही.
11 को सेमीफाइनल में श्रीलंका से होगी भिड़ंत
अब पाकिस्तान का सामना 11 सितंबर को एशिया कप के दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका से होगा. नशरा संधू की इस शानदार गेंदबाजी के बाद पाकिस्तान की नजरें अब फाइनल में जगह बनाने पर होंगी.
