IND vs AFG T20 Series: भारत और अफगानिस्तान के बीच सितंबर में तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेली जाएगी. यह सीरीज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 13, 15 और 17 सितंबर को खेले जाने की संभावना है. हालांकि, अभी तक इन मुकाबलों के कार्यक्रम का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है. इस सीरीज की सबसे खास बात यह होगी कि अफगानिस्तान पहली बार भारतीय टीम की मेजबानी भारत की धरती पर करेगा. सुरक्षा और सुविधाओं के कारण अफगानिस्तान लंबे समय से अपने घरेलू मुकाबले भारत में खेलता आ रहा है, लेकिन इससे पहले उसने कभी भारत के खिलाफ अपने 'घरेलू' मैच नहीं खेले थे.
भारत में होते रहे है अफगानिस्तान के घरेलू मुकाबले
अफगानिस्तान ने अपने घरेलू मैचों की मेजबानी ग्रेटर नोएडा, देहरादून और लखनऊ में की है. अब पहली बार उसे भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज आयोजित करने का मौका मिलेगा.
श्रीलंका दौरे और एशियन गेम्स के बीच सीरीज
भारतीय टीम का श्रीलंका दौरा अगस्त के अंत में समाप्त होगा. दूसरा और आखिरी टेस्ट 27 अगस्त को खत्म होना है. इसके बाद टीम लगभग दो सप्ताह के अंतराल के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज खेलेगी. यह सीरीज 24 सितंबर से जापान में शुरू होने वाले एशियन गेम्स से ठीक पहले आयोजित होगी. ऐसे में भारतीय टीम के लिए यह टूर्नामेंट से पहले लय हासिल करने का अच्छा मौका होगा.
जून में भारत ने किया था क्लीन स्वीप
दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत जून 2026 में हुई थी, जब अफगानिस्तान ने भारत का दौरा किया था. भारत ने एकमात्र टेस्ट मैच पारी और 300 रन से जीता था. इसके बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज में भी भारतीय टीम ने 3-0 से क्लीन स्वीप किया था.
खराब फॉर्म से जूझ रही है टीम इंडिया
टी20 विश्व चैंपियन होने के बावजूद हाल के महीनों में भारत का सीमित ओवरों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है. जून के अंत में आयरलैंड से टी20 सीरीज हारने के बाद टीम इंडिया इंग्लैंड के खिलाफ भी टी20 सीरीज 4-0 से गंवा बैठी (एक मैच बारिश में धुल गया). इसके बाद वनडे सीरीज में भी भारत को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा. फिलहाल भारतीय टीम जिम्बाब्वे दौरे पर है और सीरीज में 1—0 की बढ़त बना ली है.
ये भी पढ़ें: भारत में फॉर्मूला-1 की वापसी की तैयारी तेज, मोटरस्पोर्ट्स फेडरेशन को मिला राष्ट्रीय खेल महासंघ का दर्जा
