हवा में उड़कर ऋषभ पंत ने लपके हैरतअंगेज कैच, फिर बल्ले से धामल कर जिताया मैच

Rishabh Pant, LSG vs SRH: ऋषभ पंत ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ विकेट के पीछे दो हैरतअंगेज कैच पकड़े. पहले उन्होंने लियाम लिविंगस्टोन और फिर हेनरिक क्लासेन का हवा में डाइव लगाकर कैच लपका. इसके बाद बैटिंग में भी कमाल करते हुए नाबाद 68 रन बनाए और लखनऊ सुपर जायंट्स को 5 विकेट से शानदार जीत दिलाई.

Rishabh Pant, LSG vs SRH: लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपनी शानदार विकेटकीपिंग से सभी का दिल जीत लिया. मैच में पंत ने विकेट के पीछे दो हैरतअंगेज कैच लपके. इन कैच ने मैच का पूरा रुख बदल दिया. इस बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर लखनऊ की टीम ने हैदराबाद को 5 विकेट से करारी मात दी. 

डाइव लगाकर लियाम लिविंगस्टोन को किया आउट

हैदराबाद की पारी का 8वां ओवर चल रहा था. दिग्वेश राठी की गेंद पर लियाम लिविंगस्टोन ने पैडल शॉट खेलने की कोशिश की. गेंद काफी धीमी थी और बल्ले पर देरी से आई. गेंद बल्ले का किनारा लेकर वाइड लाइन के पास हवा में चली गई. लिविंगस्टोन के शॉट खेलने से पहले ही पंत लेग साइड में चले गए थे. वहां से उन्होंने डाइव लगाते हुए एक हाथ से बहुत ही शानदार कैच लपक लिया. हैदराबाद के लिए अपना पहला मैच खेल रहे लिविंगस्टोन सिर्फ 14 रन ही बना सके.

हवा में उड़ते हुए हेनरिक क्लासेन का कैच लपका

हैदराबाद के बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन बहुत आक्रामक बैटिंग कर रहे थे. उन्होंने अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया था. 19वें ओवर की पहली गेंद आवेश खान ने फेंकी. इस गेंद पर क्लासेन ने रिवर्स स्कूप खेलने का प्रयास किया. गेंद बल्ले का किनारा लेकर पीछे की तरफ गई. पंत ने हवा में डाइव लगाते हुए शानदार कैच पकड़ लिया. इस अहम कैच का असर यह हुआ कि हैदराबाद की टीम बाकी बची 11 गेंदों पर केवल 12 रन ही बना पाई.

SRH की बल्लेबाजी और शमी की गेंदबाजी

इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बैटिंग करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाए. शुरुआत में हैदराबाद की हालत खराब थी. 10 ओवर के बाद टीम का स्कोर सिर्फ 35 रन था. मोहम्मद शमी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में मात्र 9 रन देकर दो विकेट लिए. इसके बाद क्लासेन ने नीतीश कुमार रेड्डी के साथ मिलकर 63 गेंदों पर 116 रन जोड़े और टीम को एक अच्छे स्कोर तक पहुंचाया.

लखनऊ की शानदार शुरुआत

सीजन के पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ ऋषभ पंत ने ओपनिंग की थी. लेकिन इस मैच में वह तीसरे नंबर पर बैटिंग करने आए. लखनऊ के लिए एडन मार्करम और मिचेल मार्श ने पारी की शुरुआत की. टीम को पहला झटका 37 रन के स्कोर पर लगा. इसके बाद ऋषभ पंत और एडन मार्करम के बीच दूसरे विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी हुई. 77 रन के स्कोर पर मार्करम 45 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद 102 रन के स्कोर पर आयुष बडोनी के रूप में तीसरा विकेट गिरा.

कप्तान ऋषभ पंत ने दिलाई टीम को जीत

बीच के ओवरों में लखनऊ की टीम लड़खड़ा गई थी, लेकिन कप्तान ऋषभ पंत ने हार नहीं मानी. वह एक छोर पर टिके रहे और समझदारी से बैटिंग करते रहे. पंत अपनी टीम को जीत दिलाकर ही नाबाद पवेलियन लौटे. उन्होंने 50 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 68 रन की कप्तानी पारी खेली. इस पारी में पंत ने 9 शानदार चौके लगाए. उनकी इस बैटिंग और बेहतरीन कीपिंग की वजह से लखनऊ ने यह मैच आसानी से जीत लिया.

ये भी पढ़ें-

RCB vs CSK: चेन्नई ने जीता टॉस, बेंगलुरु की पहले बैटिंग, ऐसी है प्लेइंग इलेवन

आखिर किसकी फोटो निकालकर संजीव गोयनका ने अपने माथे से लगाई?

SRH vs LSG: खुल गया LSG की जीत का खाता, ऋषभ पंत ने खेली कप्तानी पारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >