Highlights
Rishabh Pant Training: आईपीएल 2026 शुरू होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं. 28 मार्च से इस बड़े टूर्नामेंट का आगाज हो रहा है. इससे पहले लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत अपनी पुरानी लय वापस पाने के लिए जमकर पसीना बहा रहे हैं. खराब फॉर्म से जूझ रहे पंत ने अब टीम इंडिया के दिग्गज खिलाड़ी और सिक्सर किंग युवराज सिंह को अपना मेंटोर बनाया है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमे वह मुंबई के क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया में युवराज की निगरानी में बल्लेबाजी का अभ्यास करते दिख रहे हैं.
युवराज सिंह की देखरेख में नेट प्रैक्टिस
इस वायरल वीडियो में युवी अंपायर की जगह पर खड़े हैं और पंत की बैटिंग को बहुत ध्यान से देख रहे हैं. मिली जानकारी के मुताबिक, युवराज उन्हें तकनीक और मानसिक मजबूती को लेकर सलाह दे रहे हैं. प्रैक्टिस के दौरान बाएं हाथ के गेंदबाजों को खेलने के लिए यह विकेटकीपर बल्लेबाज थोड़ा ओपन स्टांस ले रहा है. ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि वह ऑफ साइड में आसानी से शॉट लगा सके और बड़े एंगल्स का पूरा फायदा उठा सके.
आईपीएल 2025 में खामोश रहा था बल्ला
पंत के लिए आने वाला सीजन बहुत अहम है. पिछले साल यानी आईपीएल 2025 में लखनऊ की टीम ने उन्हें 27 करोड़ रुपये की बड़ी रकम देकर रिटेन किया था. लेकिन वह अपनी कीमत के अनुसार खेल नहीं दिखा पाए थे. उन्होंने पिछले सीजन के 14 मैचों में महज 269 रन बनाए थे. इस खराब प्रदर्शन का नुकसान उन्हें उठाना पड़ा और वह भारतीय टीम की वनडे और टी20 टीम से बाहर हो गए. अब वह इस ट्रेनिंग से अपने व्हाइट-बॉल करियर को दोबारा सही रास्ते पर लाना चाहते हैं.
कई खिलाडियों के गुरु रह चुके हैं युवी
एक मेंटोर के तौर पर युवराज सिंह का ट्रैक रिकॉर्ड बहुत शानदार रहा है. पंत से पहले वह शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे स्टार क्रिकेटरों को भी ट्रेनिंग दे चुके हैं. इन सभी खिलाड़ियों ने युवराज से टिप्स लेने के बाद अपनी बैटिंग में गजब का सुधार किया है. अब पंत को भी यही उम्मीद है कि युवी के साथ काम करके वह अपने पुराने आक्रामक अंदाज में वापसी करेंगे, जिसके लिए पूरी दुनिया में उनकी पहचान है.
28 मार्च से होगा नए सीजन का आगाज
28 मार्च से शुरू होने वाले आईपीएल के इस सीजन के लिए सभी खिलाड़ी अपनी तैयारियां पक्की कर रहे हैं. लखनऊ की कप्तानी संभाल रहे ऋषभ पंत भी इस बार कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते. उनका पूरा फोकस इस वक्त अपनी बैटिंग तकनीक को सुधारने और मानसिक रूप से मजबूत होने पर है. फैंस को भी उम्मीद है कि वह दिग्गज की सीख के बाद मैदान पर फिर से लंबे चौके और छक्के लगाते हुए दिखाई देंगे.
ये भी पढ़ें-
मैं नहीं करूंगा… मैदान पर धोनी के साथ दीपक चाहर की मस्ती का किस्सा
Video: विराट कोहली के नाम को पुश करने में सुरेश रैना का हाथ, यकीन नहीं तो देखें ये वीडियो
