IPL 2026: मिचेल स्टार्क ने चोट पर तोड़ी चुप्पी, बताया कब होंगे टीम में शामिल

Mitchell Starc on IPL 2026: आईपीएल 2026 की शुरुआत हो चुकी है लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के स्टार गेंदबाज मिचेल स्टार्क अभी तक भारत नहीं पहुंचे हैं. अब स्टार्क ने खुद आगे आकर अपनी चोट की सच्चाई बताई है. उन्होंने गलत जानकारी देने वालों को आड़े हाथों लिया और शुरुआती मैचों से बाहर रहने पर माफी मांगी है.

Mitchell Starc on IPL 2026: आईपीएल 2026 का आगाज आज (28 मार्च) से हो रहा है. टूर्नामेंट का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जा रहा है. इस बीच दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक बहुत बड़ी चिंता सामने आई है. तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क अभी तक भारत नहीं पहुंचे हैं. पहले उनकी एनओसी को लेकर चर्चा चल रही थी, लेकिन अब साफ हो गया है कि वह चोट की वजह से देरी कर रहे हैं. इस पूरे मामले पर अब खुद स्टार्क ने आगे आकर सच्चाई बताई है.

स्टार्क ने मीडिया पर निकाला अपना गुस्सा 

भारत ना पहुंचने पर उठ रहे सवालों के बीच स्टार्क ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर की है. उन्होंने भारतीय मीडिया में चल रही भ्रामक खबरों पर जमकर निशाना साधा. स्टार्क ने लिखा कि कुछ लोग अपने प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करके गलत जानकारी फैला रहे हैं. उन्होंने कहा कि मीडिया वाले खुद को उनकी बॉडी का बेहतर जानकार बता रहे हैं. सच्चाई यह है कि वह फिलहाल अपने कंधे और कोहनी की चोट से उबरने का काम कर रहे हैं और रिहैब में हैं.

मिचेल स्टार्क की इंस्टाग्राम स्टोरी, Pic- Screenshot/Mitchell Starc (Instagram)

स्टार्क ने दिल्ली कैपिटल्स के फैंस से मांगी माफी 

चोट की वजह से शुरुआती मैचों से बाहर रहने पर स्टार्क ने दुख जताया है. उन्होंने अपने बयान में कहा कि वह दिल्ली कैपिटल्स टीम और फैंस से माफी मांगते हैं. स्टार्क ने माना कि सीजन की शुरुआत में उनका बाहर होना टीम के लिए एक बड़ा झटका और परेशानी का कारण है. लेकिन उन्होंने साफ किया कि वह टीम से जुड़ने के लिए पूरी तरह कमिटेड हैं. वह अपनी फ्रेंचाइजी से लगातार बात कर रहे हैं और जल्द से जल्द भारत आने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं.

पैट कमिंस और हेजलवुड से हो रही तुलना 

सोशल मीडिया पर कई फैंस स्टार्क की तुलना ऑस्ट्रेलिया के ही पैट कमिंस और जोश हेजलवुड से कर रहे हैं. कमिंस सनराइजर्स हैदराबाद और हेजलवुड रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम का हिस्सा हैं. ये दोनों तेज गेंदबाज भी चोटिल थे, लेकिन फिर भी अपनी टीमों के साथ जुड़ गए. इसके जवाब में स्टार्क ने साफ किया कि हर खिलाड़ी की चोट अलग होती है. उनकी चोट गंभीर है और वह अपनी इंजरी को सही तरीके से मैनेज कर रहे हैं.

पत्नी एलिसा हीली ने भी दिया अपडेट 

स्टार्क की चोट को लेकर उनकी पत्नी और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई महिला कप्तान एलिसा हीली ने भी जानकारी दी थी. हीली ने सोशल मीडिया पर बताया कि स्टार्क अभी गेंदबाजी करने की स्थिति में बिल्कुल नहीं हैं. ऐसे में वह अभी कोई भी मैच कैसे खेल सकते हैं. हीली के इस बयान और अब स्टार्क की पुष्टि के बाद यह साफ हो गया है कि वह कुछ और समय तक मैदान से दूर ही रहेंगे.

मिचेल स्टार्क का IPL करियर 

36 साल के मिचेल स्टार्क ने अपना आईपीएल डेब्यू साल 2014 में किया था. उन्होंने अब तक इस लीग में 52 मैच खेलकर 8.61 की इकॉनमी से कुल 65 विकेट लिए हैं. पिछले आईपीएल सीजन में भी उन्होंने कमाल का प्रदर्शन करते हुए 14 मैचों में 17 विकेट चटकाए थे. दिल्ली कैपिटल्स से पहले स्टार्क रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइटराइडर्स की तरफ से भी अपनी गेंदबाजी का जलवा दिखा चुके हैं. वह दिल्ली के बॉलिंग अटैक की अहम कड़ी हैं और उनकी कमी टीम को जरूर खलेगी.

ये भी पढ़ें-

महिलाओं पर योगराज सिंह का विवादित बयान, बोले- पत्नियों के कहने पर संन्यास लेते हैं क्रिकेटर

IPL 2026: SRH के खिलाफ मैच में काली पट्टी बांधकर खेलेगी RCB, जानें क्या है वजह

बांगलादेश सरकार का U टर्न, IPL 2026 के प्रसारण को दी हरी झंडी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >